1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sonu nigam health crisis nerve damage mumbai concert not cancelled

नसों की बीमारी से जूझ रहे सोनू निगम, MRI और CT स्कैन के बीच भी करेंगे लाइव परफॉर्म

Sonu Nigam health update
म्यूजिक इंडस्ट्री के बेताज बादशाह और करोड़ों दिलों की धड़कन सोनू निगम को लेकर एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। सोनू निगम इन दिनों एक बेहद दर्दनाक नर्व-रिलेटेड हेल्थ कंडीशन (नसों से जुड़ी बीमारी) का सामना कर रहे हैं। इस वजह से उन्हें पिछले कुछ दिनों से लगातार कड़े मेडिकल सुपरविजन और इलाज से गुजरना पड़ रहा है। 
 
सोनू निगम ने खुद सोशल मीडिया पर आकर अपने इस मुश्किल दौर का दर्द बयां किया है, जिसे सुनकर उनके फैंस काफी भावुक और चिंतित हैं। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने इस हालिया हेल्थ स्केयर का खुलासा किया। वीडियो में उनके कंधे पर एक मेडिकल पैच साफ देखी जा सकती है।
अपनी हेल्थ के बारे में बताते हुए सोनू निगम ने कहा, मेरी नसें दब गई हैं। मैं एक हफ्ते से लगातार एमआरआई और सीटी स्कैन करवा रहा हूं। इसके अलावा मुझे काफी भारी मात्रा में दवाइयां लेनी पड़ रही हैं। फिजियोथेरेपी बहुत दर्दनाक थी। मैं अभी दर्द की दवाइयां ले रहा हूं, उसकी वजह से गला भी थोड़ा भारी है। 
 
 
कमजोर हुआ कॉन्फिडेंस, फिर भी नहीं डिगा हौसला
सोनू निगम ने बताया कि वह लगभग डेढ़ महीने के लंबे गैप के बाद स्टेज पर वापसी कर रहे हैं। बीमारी और दवाओं के असर के कारण उनका कॉन्फिडेंस इस समय थोड़ा कम है, क्योंकि उनका गला पूरी तरह से सहयोग नहीं कर पा रहा है। लेकिन इसके बावजूद, सोनू निगम ने अपने फैंस का दिल न तोड़ने का फैसला किया है।
 
उन्होंने साफ किया कि वह किसी भी हाल में अपने आगामी मुंबई कॉन्सर्ट को कैंसिल नहीं करेंगे। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में '13th June, Mumbai लिखते हुए ईश्वर से मंच पर परफॉर्म करने की शक्ति मांगी है। यह फैसला उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट और फैंस के प्रति उनके अटूट प्यार को दर्शाता है।
महज 19 साल की उम्र में गुलशन कुमार द्वारा पहला ब्रेक पाने वाले सोनू निगम ने साल 1995 में 'सा रे गा मा' होस्ट कर हर घर में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने 1993 में फिल्म 'आजा मेरी जान' के गाने 'ओ आसमान वाले जमीन पर उतर के देख' से हिंदी फिल्मों में बतौर प्लेबैक सिंगर डेब्यू किया था।
 
अपने 30 साल से ज्यादा के करियर में सोनू निगम ने विभिन्न भाषाओं में 5000 से अधिक गाने गाए हैं। फिल्म 'कल हो ना हो' (2003) के टाइटल ट्रैक के लिए उन्हें नेशनल अवार्ड से नवाजा जा चुका है। 'ये दिल दीवाना', 'सूरज हुआ मद्धम' जैसे उनके अनगिनत आइकॉनिक गाने आज भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करते हैं। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
कभी कनाडा में सिक्योरिटी गार्ड और क्लीनर की नौकरी करते थे गिप्पी ग्रेवाल, पत्नी संग बांटते थे अखबार