Alliance: बेटे निर्वाण का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे सोहेल खान, बताई वजह
बॉलीवुड एक्टर और निर्माता सोहेल खान इन दिनों कुणाल खेमू के रियलिटी शो 'अलायंस' को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। शो में जब से उनकी एक्स-वाइफ सीमा सजदेह की वाइल्ड कार्ड एंट्री हुई है, तब से इस पूर्व कपल की केमिस्ट्री और आपसी तालमेल दर्शकों का दिल जीत रहा है।
हाल ही के एक एपिसोड में, सोहेल खान ने अपनी पर्सनल लाइफ का एक बेहद दिलचस्प और अनसुना किस्सा साझा किया। उन्होंने खुलासा किया कि वह अपने बड़े बेटे निर्वाण खान का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे।
मस्ती-मजाक में हुआ था नामकरण का फैसला
शो के दौरान जब सह-प्रतियोगी अली गोनी ने सोहेल और सीमा के बेटों की तारीफ की और कहा कि वे बेहद संस्कारी हैं और निर्वाण बिल्कुल अपने पिता की कॉपी दिखते हैं, तब सोहेल भावुक हो गए। सोहेल ने बताया, जब सीमा प्रेग्नेंट थीं, तब हमने हंसी-मजाक में एक डील की थी। तय यह हुआ था कि अगर लड़का हुआ तो नाम मैं रखूंगा और लड़की हुई तो सीमा नाम चुनेगी। मैंने मन ही मन सोच लिया था कि मैं अपने बेटे का नाम 'राम खान' रखूंगा।
अपने इस विचार के पीछे की वजह बताते हुए सोहेल ने कहा, हमारा परिवार शुरू से ही बहुत सेक्युलर (धर्मनिरपेक्ष) रहा है, इसलिए मेरे मन में यह नाम आया था। मैं देखना चाहता था कि यह नाम कैसा लगेगा। लेकिन नियति ने कुछ और ही तय कर रखा था। डिलीवरी के बाद जब सीमा को होश आया, तो उनके दिमाग में पहले से ही एक नाम चल रहा था।
सोहेल ने उस पल को याद करते हुए कहा, डॉक्टर ने जैसे ही बताया कि लड़का हुआ है, मैं तुरंत कमरे के अंदर गया। सीमा उस वक्त डिलीवरी के असर की वजह से थोड़ी बेहोशी की हालत में थीं। उन्होंने मुझे देखा और बेहद मासूमियत से पूछा— 'निर्वाण कैसा है?' सीमा ने उस नाम को इतने प्यारे तरीके से लिया कि उसके बाद मेरा उसे बदलने का मन ही नहीं हुआ।"
बता दें कि सोहेल खान और सीमा सजदेह ने साल 1998 में घर से भागकर शादी की थी, जिसके लिए उन्होंने पहले आर्य समाज मंदिर में फेरे लिए और फिर निकाह किया था। लगभग 24 साल तक साथ रहने के बाद, 2022 में दोनों ने आधिकारिक तौर पर तलाक ले लिया। हालांकि, शो 'अलायंस' में सोहेल ने कबूल किया कि भले ही उनके बीच का प्यार वक्त के साथ बदल गया हो, लेकिन आज भी उनके मन में सीमा के लिए बेहद सम्मान है।

