'अलायंस' में सोहेल खान का दर्द छलका, एक्स-वाइफ सीमा सजदेह से मांगी माफी, बोले- गलती मेरी थी
ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर तहलका मचा रहे नए रियलिटी शो 'अलायंस' में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा और इमोशनल मोड़ देखने को मिल रहे हैं। शो में उस वक्त एक हैरान करने वाला मोड़ आया, जब मेकर्स ने घर के अंदर वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट्स की एंट्री कराई।
इन वाइल्डकार्ड्स में कोई और नहीं, बल्कि बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता सोहेल खान की एक्स-वाइफ और मशहूर फैशन डिजाइनर सीमा सजदेह शामिल थीं। साल 2022 में तलाक के बाद अलग हो चुके इस पूर्व जोड़े को एक बार फिर एक ही छत के नीचे देखकर न सिर्फ घरवाले, बल्कि दर्शक भी दंग रह गए।
हालांकि, इस रीयूनियन ने शो का माहौल पूरी तरह से बदल दिया। दोनों ने बेहद गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का स्वागत किया और नेशनल टेलीविजन पर सोहेल खान ने अपनी शादी टूटने की जो वजह बताई, उसने हर किसी को भावुक कर दिया।
मेरी गलतियों की वजह से टूटा घर
शो के होस्ट कुणाल खेमू और सह-प्रतियोगी निखिल चिनापा ने जब सोहेल खान से सीमा की एंट्री और उनके रिश्ते को लेकर सवाल किया, तो सोहेल अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख पाए। निखिल ने पूछा था, 'औरत घर को बिगाड़ भी सकती है और बना भी सकती है। आपके घर में किसका हाथ था?'
इस सवाल का जवाब देते हुए सोहेल खान ने अपनी शादी टूटने की पूरी जिम्मेदारी खुद पर ले ली। सोहेल ने कहा, उस दौर में मेरा काम ठीक नहीं चल रहा था, जिसकी वजह से मैं सही मानसिक स्थिति में नहीं था। मेरे चिड़चिड़े व्यवहार और बर्ताव के कारण मैंने उस इंसान को खो दिया जिसे मैं दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करता था। अगर हमारे बीच कोई भी गलती हुई थी, तो मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी नेशनल टेलीविजन पर लेता हूं।
सोहेल ने आगे कहा कि सीमा उनके दो प्यारे बच्चों की मां हैं, इसलिए उनके मन में सीमा के लिए प्यार से कहीं ज्यादा सम्मान है। उन्होंने 'अलायंस' शो का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनके बीच जो एक 'मिसिंग लिंक' थी, इस शो ने उसे फिर से जोड़ने का काम किया है।
सीमा सजदेह ने सोहेल को बताया अपना 'इकलौता साथी'
घर में कदम रखते ही सीमा सजदेह ने भी परिपक्वता दिखाई। उन्होंने सोहेल खान के बदले व्यवहार और उनके द्वारा बनाई गई ग्रीन-टी को स्वीकार करते हुए उन्हें घर के अंदर अपना "इकलौता सच्चा साथी" बताया। सीमा का कहना था कि भले ही वे असल जिंदगी में अलग हो चुके हैं, लेकिन अपने बच्चों के माता-पिता होने के नाते उनका गठबंधन हमेशा कायम रहेगा।
सोहेल खान और सीमा सजदेह की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। दोनों ने 1998 में घर से भागकर पहले आर्य समाज मंदिर में शादी की थी और बाद में निकाह किया था। निकाह के दिन ही सोहेल की बतौर निर्देशक पहली फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' रिलीज हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं - निर्वाण और योहान। 24 साल तक साथ रहने के बाद साल 2022 में दोनों ने आधिकारिक तौर पर तलाक ले लिया था।
तलाक के बावजूद दोनों के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। शो के दौरान ज़ैद दरबार से बात करते हुए सोहेल ने खुलासा किया कि उनके दोनों बेटे निर्वाण और योहान फिलहाल सोहेल के साथ ही रहते हैं। वहीं, सीमा हफ्ते में तीन बार बच्चों से मिलने उनके घर आती हैं और आज भी उनके पास सोहेल के घर की चाबी मौजूद है।
मशहूर डच रियलिटी फॉर्मेट पर आधारित और कुणाल खेमू द्वारा होस्ट किया जा रहा शो 'अलायंस' इन दिनों दर्शकों का पसंदीदा शो बन चुका है। अपनी अनूठी रणनीति, पल-पल बदलते समीकरणों और धोखेबाजी के खेल की वजह से लोग इसे 'लॉक अप सीजन 2' से भी बेहतर मान रहे हैं।

