प्राइम वीडियो पर 'ओ रोमियो' का ग्लोबल प्रीमियर, शाहिद कपूर का दिखेगा दमदार गैंगस्टर अवतार
प्राइम वीडियो ने शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' के विशेष वैश्विक डिजिटल प्रीमियर की घोषणा की है। विशाल भारद्वाज द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने अपने बैनर नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत किया है।
फिल्म में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। इनके साथ नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी और फरीदा जलाल अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि विक्रांत मैसी फिल्म में विशेष उपस्थिति में दिखाई देंगे।
यह फिल्म अब भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है। 1994 के अशांत बॉम्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित ओ रोमियो की कहानी उस्तरा नाम के एक खौफनाक गैंगस्टर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गुप्त रूप से खुफिया अधिकारी इस्माइल खान के लिए भी काम करता है। उसका नया मिशन उसे दहेश दुग्गल नाम के एक फाइनेंसर के खिलाफ खड़ा करता है, जिसका संबंध स्पेन में बैठे गैंगस्टर जलाल से है।
लेकिन कहानी तब नया मोड़ लेती है जब उसकी मुलाकात अफ़शान से होती है—एक ऐसी विधवा जो अपने प्रेमी बिल्लू की हत्या का बदला लेने की आग में जल रही है। हिंसा और वफादारी पर टिका यह मिशन धीरे-धीरे भावनाओं के खतरनाक टकराव में बदल जाता है, जहां प्यार, धोखा और ज़िंदा रहने की जंग एक-दूसरे में घुलने लगते हैं।
विशाल भारद्वाज की विशिष्ट कहानी कहने की शैली, मुंबई माफिया की सच्ची घटनाओं से प्रेरित रहस्यपूर्ण वातावरण, दमदार दृश्य, जबरदस्त एक्शन और यादगार अभिनय के साथ, साथ ही गुलज़ार के संगीत से सजी ओ रोमियो एक ऐसी रोमांचक फिल्म बन जाती है जो सिर्फ एक्शन नहीं, बल्कि प्यार और ताकत की चाह में लिए गए फैसलों की मानवीय कीमत को भी सामने लाती है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें