वैलेंटाइन पर खूंखार आशिक बनकर आ रहे शाहिद कपूर, 'ओ रोमियो' का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज
बॉलीवुड में जब भी शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज का नाम साथ आता है, दर्शकों को कुछ हटकर, गहराई से भरा और यादगार सिनेमा देखने को मिलता है। अब एक बार फिर यह दमदार जोड़ी फिल्म ओरोमियो के साथ वापसी कर रही है, जिसकी पहली झलक साजिद नाडियाडवाला ने सामने रखी है।
शाहिद कपूर का यह फर्स्ट लुक महज़ एक तस्वीर नहीं, बल्कि उनके किरदार की पूरी झलक देता है। इस लुक में शाहिद का चेहरा रहस्यमयी है, आंखों में तीखापन है और हाव-भाव में एक ऐसा जुनून दिखता है, जो बताता है कि उनका किरदार सिर्फ रोमांटिक नहीं, बल्कि खतरनाक, जटिल और भावनात्मक रूप से गहरा होने वाला है। यही वजह है कि फैंस इस रोमियो को आम लवर बॉय से बिल्कुल अलग मान रहे हैं।
पोस्टर में शाहिद कपूर खून से लथपथ खूंखार अवतार में नजर आ रहे है। उनके पूरे हाथ पर टैटू बना हुआ है। शाहिद का लुक काफी डरावना लग रहा है। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा है, 'ओ रोमियो की खुशबू उड़ेगी इस वैलेंटाइन।'
विशाल भारद्वाज की फिल्मों की खासियत रही है कि उनके किरदार ग्रे शेड्स में होते हैं न पूरी तरह अच्छे, न पूरी तरह बुरे। ओरोमियो में भी शाहिद का कैरेक्टर कुछ ऐसा ही नजर आता है, जो प्यार, बदले, पागलपन और जुनून के बीच झूलता दिखेगा।
फिल्म का निर्देशन सिनेमा के मास्टर स्टोरीटेलर विशाल भारद्वाज कर रहे हैं, जिनके साथ शाहिद कपूर की जोड़ी पहले भी हैदर और कमीने जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है। फिल्म में शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी, जिनकी मौजूदगी कहानी को और दिलचस्प बनाने का वादा करती है।
इस फिल्म को नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रहा है और इसे वैलेंटाइन वीक, यानी 13 फरवरी 2026 को रिलीज़ किया जाएगा। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि ओरोमियो सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दर्शकों के लिए एक इंटेंस, अनप्रिडिक्टेबल और पैशनेट सिनेमैटिक जर्नी साबित होने वाली है।