1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. shah rukh khan king movie leak ai video viral controversy
Last Modified: गुरुवार, 21 मई 2026 (17:13 IST)

शाहरुख खान की 'किंग' के सेट पर भारी सुरक्षा, AI फैन एडिट के वायरल होने से मेकर्स की बढ़ी टेंशन

Shah Rukh Khan King movie leak
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है। हालांकि, हाल ही में फिल्म के सेट से कुछ ऐसी चीजें सामने आई हैं जिसने मेकर्स की रातों की नींद उड़ा दी है। 
 
इंटरनेट पर फिल्म के सेट से लगातार हो रही लीक्स और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एआई जनरेटेड फेक वीडियोज ने मेकर्स की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, कुछ दिनों पहले मुंबई और केप टाउन शेड्यूल से फिल्म के कुछ हिस्से इंटरनेट पर लीक हो गए थे। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का एक गाना और फिल्म के हाई-ओल्टेज क्लाइमेक्स से जुड़े कुछ स्टिल्स शामिल थे। 
मामला तब और गंभीर हो गया जब सोशल मीडिया पर एक 15 मिनट का फैन-मेड वीडियो वायरल हो गया। यह कोई साधारण वीडियो नहीं था, बल्कि एआई की मदद से तैयार किया गया एक विस्तृत एडिट था। इस वीडियो में लीक हुई तस्वीरों, पपराजी क्लिप्स और पुरानी कड़ियों को जोड़कर फिल्म की पूरी कहानी को रीक्रिएट करने का दावा किया गया था। इसे फिल्म का एक 'मिनी वर्जन' कहा जा रहा था, जिसने मेकर्स को हैरान कर दिया।
 
इसके बाद फिल्म के मेकर्स काफी सतर्क हो गए हैं। खबरों के अनुसार मेकर्स ने एक सख्त कदम उठाने का फैसला किया है, ताकि आगे किसी भी तरह की लीक को रोका जा सके। खबरों के अनुसार प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि टीम केप टाउन और मुंबई के लीक से पहले ही परेशान थी, लेकिन एआई-जनरेटेड एडिट ने सारी सीमाएं पार कर दीं। 
 
सूत्र के मुताबिक, जब शाहरुख खान जैसे बड़े स्टार सार्वजनिक स्थानों पर शूटिंग करते हैं, तो लीक के सोर्स का पता लगाना नामुमकिन हो जाता है। लेकिन एआई वीडियो ने फिल्म के स्क्रीनप्ले और कहानी के ताने-बाने को चुराने की कोशिश की, जो कि एक गंभीर खतरा है।
 
राहत की बात यह रही कि शाहरुख खान के वफादार फैंस और प्रोडक्शन टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए इस वीडियो को रिपोर्ट किया, जिसके बाद इसे ज्यादातर बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। वर्तमान में फिल्म की शूटिंग मुंबई के बाहरी इलाके घोड़बंदर रोड के पास चल रही है। चूंकि यह एक बेहद व्यस्त सार्वजनिक क्षेत्र है, इसलिए यहां सुरक्षा बनाए रखना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
 
लीक को रोकने के लिए मेकर्स ने अब रणनीति बदल दी है। सार्वजनिक जगह होने के कारण क्रू और आम लोगों से फोन पूरी तरह छीनना संभव नहीं है, इसलिए अब एक्शन दृश्यों और महत्वपूर्ण ट्विस्ट वाले सीन्स के दौरान मूवमेंट को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। सेट के चारों ओर अतिरिक्त बाउंड्री और सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं ताकि कोई भी दूर से भी वीडियो न बना सके।
 
निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फैंस से भावुक अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए फिल्म के सिद्धार्थ आनंद ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दर्शकों और प्रशंसकों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने लिखा, कृपया 'किंग' के सेट से लीक हुआ कोई भी मल्टीमीडिया कंटेंट पोस्ट या सर्कुलेट न करें। हमारी पूरी टीम दिन-रात मेहनत कर रही है ताकि आपको सिनेमाघरों में एक बेहतरीन अनुभव मिल सके। कृपया बड़े पर्दे पर मिलने वाले सरप्राइज का इंतजार करें।
 
फिल्म 'किंग' अपनी शूटिंग के आखिरी पड़ाव पर है। बताया जा रहा है कि फिल्म का लगभग दो महीने का काम अभी बाकी है, जिसमें कुछ पैचवर्क, एक्शन इन्सर्ट्स और एक छोटा शेड्यूल शामिल है। इसके साथ ही फिल्म का वीएफएक्स का काम भी बैकएंड पर तेजी से चल रहा है। मेकर्स का लक्ष्य इस साल जुलाई के अंत तक फिल्म की शूटिंग को पूरी तरह से रैप-अप करने का है।
 
फिल्म 'किंग' में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अरशद वारसी और अभय वर्मा जैसे कई सितारे शामिल हैं। फिल्म को रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और जियो स्टूडियोज़ ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसे सुजॉय घोष, सागर पंड्या और सुरेश नायर ने मिलकर लिखा है और डायलॉग अब्बास टायरवाला ने लिखे हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
नेटफ्लिक्स पर छाई 'कर्तव्य', सैफ अली खान की फिल्म बनी ग्लोबल सेंसेशन