सम्बंधित जानकारी
- 18 साल बाद साथ दिखेंगे अक्षय कुमार और सैफ अली खान, थ्रिलर फिल्म 'हैवान' की रिलीज डेट का ऐलान
- 'कावाला' से लेकर वायरल रील्स तक: तमन्ना भाटिया, जाह्नवी कपूर और रेवती महुरकर डांस फ्लोर पर मचा रही हैं धूम
- गोल्डन और व्हाइट फोटोशूट में अमीई मिसोबाह का शानदार अंदाज़, फैंस हुए मंत्रमुग्ध
- लगातार दूसरे हफ्ते 'राख' ने दिखाया दम, दुनियाभर में बनी प्राइम वीडियो की नंबर 1 नॉन-इंग्लिश सीरीज
- सलमान खान छोड़ेंगे गैलेक्सी अपार्टमेंट, परिवार संग 6 मंजिला सी-फेसिंग लग्जरी टावर में होंगे शिफ्ट!
'लापता लेडीज' फेम सतेन्द्र सोनी ने रोते हुए शेयर किया वीडियो; डायरेक्टर पर लगाया मारपीट और पैसे हड़पने का आरोप
फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध के पीछे का कड़वा सच एक बार फिर सामने आया है। आमिर खान के प्रोडक्शन की सुपरहिट फिल्म 'लापता लेडीज' में 'छोटू' का लोकप्रिय किरदार निभाने वाले युवा अभिनेता सतेन्द्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद परेशान करने वाला वीडियो जारी किया है।
इस वीडियो में सतेन्द्र रोते हुए अपनी आपबीती सुना रहे हैं और उन्होंने एक फिल्ममेकर पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। सतेन्द्र सोनी ने यह गंभीर आरोप फिल्म डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह पर लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि डायरेक्टर ने उनसे काम कराया और बकाया पैसा नहीं दिया।
सतेन्द्र के मुताबिक, वे मध्य प्रदेश में पुष्पेंद्र सिंह के निर्देशन में बन रही आगामी फिल्म 'पेट पालकी' की शूटिंग के लिए आए थे। एक्टर ने वीडियो में बताया, मेरा नाम सत्येंद्र सोनी है, मैं एक्टर हूं, मैं इधर फिल्म करने आया था। फिल्म का नाम पेट पालकी है। इन्होंने पहले हमें 50 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट दिया था और कहा था कि बाकी पैसे शूट खत्म होने के बाद मिलेंगे।"
अभिनेता ने आगे बताया कि वह पिछले आठ दिनों से लगातार शूटिंग कर रहे थे। जब उन्होंने काम पूरा होने के बाद अपने हक के पैसे मांगे, तो डायरेक्टर और उनकी टीम का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। सत्येंद्र का आरोप है कि डायरेक्टर ने उन्हें पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, बीच सड़क पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, और उनका मोबाइल फोन तक छीनने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उनका सामान होटल से बाहर फेंक दिया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
वीडियो वायरल होने के बाद मैहर पुलिस ने की मदद
सतेन्द्र सोनी के साथ उनके दो और साथी कलाकार भी मौजूद थे, जो इस अचानक हुई घटना से बेहद डरे और सहमे हुए थे। उन्होंने किसी तरह एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया। फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने एक्टर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश की मैहर पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सतेन्द्र सोनी और उनके साथियों को सुरक्षित निकाला। कुछ ही घंटों बाद एक्टर ने खुद एक नया सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर फैंस को अपनी सुरक्षा की जानकारी दी। उन्होंने मैहर पुलिस का दिल से आभार व्यक्त करते हुए बताया कि वे अब सुरक्षित तरीके से मुंबई वापस पहुंच चुके हैं।
26 साल के सतेन्द्र सोनी मूल रूप से मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव सिहोरा के रहने वाले हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर मायानगरी मुंबई में अपनी पहचान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने कई वर्षों तक कड़ा संघर्ष किया। सतेन्द्र ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय शो 'द कपिल शर्मा शो' से की थी।
इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वे मशहूर वेब सीरीज 'मिर्जापुर', फिल्म 'अब तो भगवान भरोसे' और हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'वनवास' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि, किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म 'लापता लेडीज' के 'छोटू' के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
