1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Sanchita Ugale Death Case Shocking Claims by Indrakshi Kanjilal Reveal Mental Harassment Angle

संचिता उगले सुसाइड केस में करीबी दोस्त का शॉकिंग दावा, बोलीं- को-एक्टर की प्रताड़ना बना मौत की वजह!

Sanchita Ugale death
'कुमकुम भाग्य' फेम एक्ट्रेस संचिता उगले के अचानक निधन ने पूरी इंडस्ट्री और फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है। 14 जून 2026 की शाम को मुंबई के पास नालासोपारा स्थित अपने फ्लैट में संचिता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इतनी कम उम्र में एक उभरती हुई एक्ट्रेस का ऐसा कदम उठाना सभी के लिए बड़ा झटका है। 
 
फिलहाल पुलिस संचिता के इस कदम की वजह तलाश रही है। इसी बीच संचिता उगले की एक बेहद करीबी दोस्त और टीवी एक्ट्रेस इंद्राक्षी कांजीलाल ने कुछ ऐसे सनसनीखेज खुलासे किए हैं, जिन्होंने इस मामले में नया मोड़ ला दिया है।

आजतक संग बात करते हुए इंद्राक्षी ने संचिता के आखिरी दिनों के बारे में बताया है। उन्होंने बताया कि संचिता पिछले कुछ समय से बेहद कठिन दौर से गुजर रही थीं। दोनों की मुलाकात एक शो के मॉक शूट के दौरान हुई थी और जल्द ही वे गहरी दोस्त बन गई थीं। इंद्राक्षी के अनुसार, जब संचिता को टीवी शो 'साजन घर' में मुख्य भूमिका मिली, तो वह बेहद उत्साहित थीं। लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी।
लगभग दो महीने पहले, जब इंद्राक्षी को उसी शो के लिए मेकर्स की तरफ से कास्टिंग कॉल आया, तो वह हैरान रह गईं। जब उन्होंने संचिता से संपर्क किया, तो संचिता ने शुरुआत में स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देकर शो छोड़ने की बात कही। लेकिन गहराई से बात करने पर संचिता का दर्द छलक पड़ा। 
 
इंद्राक्षी ने बताया कि संचिता ने रोते हुए उन्हें बताया कि सेट पर उनका एक को-एक्टर उन्हें मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित कर रहा था, जिसकी वजह से वह भारी ट्रॉमा से गुजर रही थीं। संचिता ने इसके सबूत के तौर पर इंद्राक्षी को कुछ स्क्रीनशॉट्स और वीडियो भी दिखाए थे।
 
इंद्राक्षी का दावा है कि इस पूरे विवाद और उत्पीड़न की शुरुआत पैसों के लेन-देन से हुई थी। शो 'साजन घर' के ही एक को-एक्टर ने संचिता से कुछ पैसे उधार लिए थे। जब संचिता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उस को-एक्टर ने पैसे लौटाने के बजाय उनके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी। 
 
लगातार हो रही इस बुलिंग और उत्पीड़न का असर संचिता के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर दिखने लगा था। वह सेट पर अपने डायलॉग्स भूलने लगी थीं और उन्हें एंग्जायटी के दौरे पड़ने लगे थे। इंद्राक्षी ने संचिता को इस बारे में प्रोडक्शन हाउस और शो के डायरेक्टर से शिकायत करने को कहा था। संचिता ने डायरेक्टर को सब बताया भी था, लेकिन अफसोस की बात यह है कि मेकर्स और प्रोडक्शन की तरफ से आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हारकर संचिता को भारी मन से वह शो छोड़ना पड़ा।
 
शो छूटने और लगातार मानसिक शोषण के कारण संचिता गहरे डिप्रेशन में चली गई थीं। इंद्राक्षी ने बताया कि अपनी आखिरी बातचीत में संचिता ने महाबलेश्वर घूमने जाने और वहां से लौटकर दोबारा ऑडिशन शुरू करने की इच्छा जताई थी। पिछले कुछ दिनों से वह इतनी उदास और बेचैन थीं कि उन्होंने घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया था। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
शेखर टूनाइट: शेखर सुमन के तीखे सटायर ने कपिल शर्मा के 'घिसे-पिटे' कॉमेडी शो को दिखाया आइना