1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. salman yusuff khan reveals 13 feet terrace fall kite flying accident hand surgery

'ABCD' फेम सलमान यूसुफ खान के साथ हुआ बड़ा हादसा, छत से 13 फीट नीचे गिरे, टूटीं हाथ की दो हड्डियां

Salman Yusuff Khan accident
बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर, डांसर और अभिनेता सलमान यूसुफ खान को लेकर हाल ही में एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई थी। कुछ दिनों पहले जब सलमान ने अस्पताल के बेड से अपने हाथ की सर्जरी के बाद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं, तो उनके फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री चिंता में डूब गई थी। 
 
हर कोई यह जानने के लिए बेताब था कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि इस बेहतरीन डांसर को अस्पताल के चक्कर काटने पड़े। अब खुद सलमान ने इस दर्दनाक और हैरान कर देने वाले हादसे के पीछे की पूरी कहानी बयां की है। सलमान ने खुलासा किया कि उनके साथ हुआ यह गंभीर हादसा किसी फिल्म के सेट पर, स्टंट करते हुए या डांस रिहर्सल के दौरान नहीं हुआ है। बल्कि यह वाकया तब घटा जब वह अपने परिवार के साथ घर पर एक बेहद सामान्य और खुशनुमा वक्त बिता रहे थे।
 
स्मार्टफोन की लत छुड़ाने के चक्कर में हुआ हादसा
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में सलमान यूसुफ खान ने बताया कि यह बहुत ही नॉर्मल सी गलती थी। आजकल बच्चे ज्यादा गैजेट्स में लगे रहते हैं, तो मैंने सोचा कि अपने बेटे को पतंग उड़ान सिखाऊं। हम दोनों छत पर गए, मैंने उसे पतंग उड़ाने के गुर सिखाए और फिर उसे वापस नीचे भेज दिया। इसके बाद मैं खुद उत्साह में आ गया और पतंग को आसमान में और ज्यादा ऊंचाई पर उड़ाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान मेरा ध्यान पूरी तरह पतंग पर था, अचानक मेरा पैर फिसल गया और मैं सीधे छत से करीब 13 फीट नीचे जा गिरा। 
हाथ की दो हड्डियां टूटीं, करानी पड़ी सर्जरी
13 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण सलमान को बेहद गंभीर चोटें आईं। इस हादसे के कारण उनके एक हाथ की दो हड्डियां पूरी तरह टूट गईं। दर्द इतना असहनीय था कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके हाथ की इमरजेंसी सर्जरी करने का फैसला किया। हालांकि, एक पेशेवर डांसर होने के नाते सलमान ने इस दर्द को भी बेहद सकारात्मक तरीके से लिया।
 
सलमान ने कहा, एक डांसर होने के नाते चोटों से मेरा पुराना नाता रहा है। यह मेरी जिंदगी का एक हिस्सा रही हैं। इसलिए मैं जानता हूं कि हड्डियां समय के साथ ठीक हो ही जाएंगी। फिलहाल मैं पूरी तरह से रिकवरी मोड पर हूं। डॉक्टरों के मुताबिक, करीब 15 दिनों के बाद मेरे हाथ से प्लास्टर हटा दिया जाएगा। इसके बाद लगभग एक महीने तक मेरी फिजियोथेरेपी चलेगी ताकि हाथ की मूवमेंट सामान्य हो सके। 
सलमान ने अपने प्रशंसकों का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए कहा, अस्पताल से तस्वीरें सामने आने के बाद मुझे दुनियाभर के लोगों से जो प्यार, दुआएं और शुभकामनाएं मिली हैं, उसने मुझे अंदर तक छू लिया है। यह देखकर मैं बेहद भावुक और आभारी महसूस कर रहा हूं कि लोग मेरी इतनी परवाह करते हैं। मुझे फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में आए एक दशक से भी ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी लोगों के दिलों में मेरे लिए इतना प्यार बरकरार है। यह देखकर मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत समझता हूं।
 
बता दें कि सलमान यूसुफ खान भारतीय टेलीविजन और बॉलीवुड का एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने साल 2009 में मशहूर टीवी डांस रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' के पहले सीजन का खिताब जीतकर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने रेमो डिसूजा के निर्देशन में बनी ब्लॉकबस्टर डांस फिल्म 'ABCD: एनी बडी कैन डांस' और 'ABCD 2' में अपनी बेहतरीन अदाकारी और शानदार डांस मूव्स से दर्शकों का दिल जीता। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
इंडोनेशिया ट्रिप के साथ न्यूजीलैंड भी करें एक्सप्लोर, घूमने लायक 10 सबसे खूबसूरत जगहें