गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Salman Khan birthday
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 26 दिसंबर 2014 (14:38 IST)

सलमान खान : दमदार अभिनय से बनाया खास मुकाम

सलमान खान : दमदार अभिनय से बनाया खास मुकाम - Salman Khan birthday
(जन्मदिन :  27 दिसंबर पर विशेष)
बॉलीवुड में सलमान खान का नाम उन-गिने चुने अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने ढ़ाई दशक से अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिल में आज भी एक ख़ास मुकाम बना रखा है। सलमान खान को फिल्म इंडस्ट्री में आए 25 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन इसके बाद भी वे हर फिल्म से अभिनय के नए शिखर को छूते जा रहे हैं और काम के प्रति उनका समर्पण बरकरार है।
 
27 दिसंबर 1965 में मुंबई में जन्मे सलमान खान के पिता सलीम खान फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने पटकथा  लेखक और डॉयलग राइटर हैं। घर में फिल्मी माहौल रहने के कारण सलमान खान की रुचि भी फिल्मों की ओर हो  गई और वे अभिनेता बनने का ख्वाब देखने लगे। 
 
सलमान खान ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म 'बीबी हो तो ऐसी' से की। इस फिल्म  में सलमान खान की छोटी-सी भूमिका निभाई थी। वर्ष 1989 में सलमान खान को राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले  बनी फिल्म 'मैंने प्यार किया' में काम करने का अवसर मिला। युवा प्रेमकथा पर आधारित इस फिल्म में सलमान  खान और भाग्यश्री की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया।
 
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'मैंने प्यार किया' टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म के  लिए सलमान खान को फिल्म फेयर का सर्वश्रेष्ठ मेल डेब्यू अभिनेता का भी पुरस्कार मिला। 'मैंने प्यार किया'  सफलता के बाद सलमान खान दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने में कुछ हद तक सफल हो गए।
 
वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म 'सनम बेवफा' सलमान खान के करियर की अहम फिल्मों में शुमार की जाती है। इसी वर्ष  सलमान खान की फिल्म 'साजन' प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में सलमान की जोड़ी माधुरी दीक्षित के साथ काफी पसंद की गई। इस फिल्म में सलमान खान ने रोमांटिक अभिनय करने के साथ ही भावपूर्ण अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।      
 
वर्ष 1994 में राजकुमार संतोषी निर्देशित फिल्म 'अंदाज अपना-अपना' में सलमान खान के  अभिनय का नया रंग देखने को मिला। इस फिल्म के पहले उनके बारे में यह बात की जाती थी कि वे केवल  रुमानी भूमिका ही निभा सकते हैं, लेकिन सलमान खान ने आमिर खान के साथ मिलकर अपने हास्य अभिनय से  र्दशको को मंत्रमुग्ध कर दिया।  
 
वर्ष 1994 में ही सलमान खान को एकबार फिर से राजश्री प्रोडक्शन के बैनर  तले बनी फिल्म 'हम आपके है कौन' में काम करने का अवसर मिला। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में  उनकी जोड़ी सलमान की जोड़ी माधुरी दीक्षित के साथ एक बार फिर से काफी पसंद की गई। फिल्म ने सफलता के  नए कीर्तिमान स्थापित किए और ऑल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गई। (वार्ता)