'सैयारा' की पहली सालगिरह पर वेम्बली स्टेडियम में लॉन्च हुआ कलेक्टर्स एडिशन विनाइल एलपी
भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित रोमांटिक फिल्मों में शामिल 'सैयारा' ने अपनी रिलीज के एक साल पूरे होने पर अपने प्रशंसकों को एक बेहद खास तोहफा दिया है। फिल्म की पहली वर्षगांठ के अवसर पर अभिनेता अहान पांडे और अनीत पड्डा ने लंदन के प्रतिष्ठित वेम्बली स्टेडियम में फिल्म के एक्सक्लूसिव कलेक्टर्स एडिशन विनाइल एलपी का भव्य अनावरण किया।
मोहित सूरी के निर्देशन और वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी के निर्माण में बनी 'सैयारा' हाल के वर्षों की सबसे बड़ी सफल प्रेम कहानियों में शामिल हो गई है। फिल्म ने दुनियाभर में 580 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्मों में अपनी जगह बनाई। फिल्म ने अहान पांडे और अनीत पड्डा को नई पीढ़ी के चर्चित सितारों के रूप में स्थापित किया।
फिल्म की पहली सालगिरह के मौके पर वाईआरएफ ने प्रशंसकों के लिए यह खास पहल की। अहान और अनीत, जिन्हें प्रशंसक प्यार से 'अहनीत' कहते हैं, वेम्बली स्टेडियम पहुंचे और फिल्म के कलेक्टर्स एडिशन विनाइल एलपी को लॉन्च किया। वेम्बली स्टेडियम का फिल्म से खास भावनात्मक जुड़ाव है।
सैयारा के यादगार दृश्यों में से एक में कृष कपूर (अहान पांडे) विशाल स्क्रीन पर वाणी बत्रा (अनीत पड्डा) की आंखों को पहचानकर उसे तलाशता है। फिल्म का भावनात्मक क्लाइमेक्स भी इसी स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान दोनों किरदारों के पुनर्मिलन के साथ पूरा होता है।
दो डिस्क वाले इस कलेक्टर्स एडिशन एलपी में फिल्म का पूरा संगीत सफर शामिल है। पहली डिस्क में फिल्म के नौ गाने हैं, जबकि दूसरी डिस्क में 16 ओरिजिनल बैकग्राउंड स्कोर कंपोजिशन और फिल्म के नौ चर्चित संवाद शामिल किए गए हैं। इसमें कुल 25 ट्रैक हैं, जो दर्शकों को फिल्म के भावनात्मक पलों को दोबारा महसूस करने का मौका देंगे।
इस कलेक्टर्स पैक में एक विशेष सैयारा डायरी, वाणी की नोटबुक से प्रेरित इंक पेन और कृष-वाणी के डिजाइन किए गए बुकमार्क्स भी शामिल हैं। डायरी में अक्षय विधानी, मोहित सूरी, अहान पांडे, अनीत पड्डा समेत फिल्म से जुड़े कलाकारों और संगीतकारों के संदेश शामिल हैं।
वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी ने कहा कि सैयारा उनके लिए बेहद खास फिल्म है, जिसने रोमांस की उस दुनिया को फिर से जीवंत किया, जिसके लिए वाईआरएफ जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इस विनाइल एलपी के जरिए प्रशंसकों को फिल्म के संगीत, संवादों और भावनाओं को दोबारा अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
निर्देशक मोहित सूरी ने कहा कि संगीत किसी भी प्रेम कहानी की आत्मा होता है। उन्होंने कहा कि सैयारा के गीतों ने कृष और वाणी के रिश्ते की गहराई और भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

