रणवीर सिंह की 'धुरंधर' ने रचा इतिहास, पुष्पा 2 को पछाड़कर बनी हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
हिंदी सिनेमा के इतिहास में जिस रिकॉर्ड को कुछ समय पहले तक तोड़ पाना नामुमकिन माना जा रहा था, उसे फिल्म 'धुरंधर' ने कर दिखाया है। अब तक हिंदी बॉक्स ऑफिस में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'पुष्पा 2' (हिंदी वर्जन) का लाइफटाइम बिजनेस शीर्ष पर था, लेकिन 'धुरंधर' ने इस रिकॉर्ड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
रणवीर सिंह की 'धुरंधर' ने अपने रिलीज के पांचवें मंगलवार यानी 33वें दिन पुष्पा 2 के हिंदी वर्जन के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर लिया। इसके साथ ही यह फिल्म आधिकारिक तौर पर हिंदी सिनेमा की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। बॉक्स ऑफिस पर इस उपलब्धि को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है।
पांचवें हफ्ते में भी बरकरार रहा क्रेज
आमतौर पर पांचवें हफ्ते तक फिल्मों की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन धुरंधर के मामले में तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई। पांचवें हफ्ते में फिल्म ने शुक्रवार को 9.70 करोड़ रुपये, शनिवार को 12.60 करोड़ रुपये, रविवार को 13.50 करोड़ रुपये, सोमवार को 5.40 करोड़ रुपये और मंगलवार को 5.70 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह सिर्फ पांचवें हफ्ते में ही फिल्म ने शानदार कारोबार किया।
831.40 करोड़ रुपये के साथ नया कीर्तिमान
इन सभी आंकड़ों को मिलाकर धुरंधर का कुल हिंदी नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 831.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा इसे हिंदी फिल्म इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बना देता है। इंडस्ट्री जानकारों का मानना है कि यह रिकॉर्ड आने वाले लंबे समय तक तोड़ा जाना आसान नहीं होगा।
धुरंधर बना हिंदी बॉक्स ऑफिस का नया सम्राट
पुष्पा 2 के रिकॉर्ड को पार करने के बाद अब हिंदी बॉक्स ऑफिस को नया सम्राट मिल गया है। धुरंधर सिर्फ एक सुपरहिट फिल्म नहीं, बल्कि हिंदी फिल्म बिजनेस की दिशा बदलने वाली फिल्म बनकर उभरी है। इसकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही कंटेंट, बड़े पैमाने की प्रस्तुति और दर्शकों से मजबूत जुड़ाव के दम पर असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।