बुराई का खात्मा करने फिर आ रहीं रानी मुखर्जी, मर्दानी 3 की रिलीज डेट का हुआ ऐलान
यशराज फिल्म्स की सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'मर्दानी' दर्शकों का दिल जीतती आ रही है। साल 2014 में रिलीज हुई 'मर्दानी' में रानी मुखर्जी ने एक सशक्त अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका निभाकर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया था। इसके बाद 2019 में 'मर्दानी 2' बनाई गई।
फैंस लंबे समय से 'मर्दानी 3' का इंतजार कर रहे हैं। मेकर्स ने बीते दिनों 'मर्दानी 3' की ऑफिशियल घोषणा भी की। फिल्म में रानी मुखर्जी एक बार फिर बहादुर पुलिस ऑफिसर शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका में नजर आने वाली हैं। अब मेकर्स ने 'मर्दानी 3' की रिलीज डेट का भी ऐलना कर दिया है।
'मर्दानी 3' इसी साल 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मेकर्स इस फिल्म को शिवानी की अच्छाई और खौफनाक बुराई के बीच एक खूनी और हिंसक टकराव के रूप में पेश कर रहे हैं, जहां वह देश की कई लापता लड़कियों को बचाने के लिए समय के खिलाफ एक असाधारण रेस शुरू करती हैं।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की घोषरा करते हुए पोस्टण शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा, वह तब तक नहीं रुकेगी, जब तक वह उन सभी को बचा नहीं लेती। रानी मुखर्जी मर्दानी 3 में निडर कॉप शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में वापस आ गई हैं। रेस्क्यू 30 जनवरी को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में शुरू होगी।
'मर्दानी 3' का निर्देशन अभिराज मिनावाला ने किया है। फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। जहां मर्दानी ने मानव तस्करी की भयावह सच्चाई को दिखाया था, वहीं मर्दानी 2 में सिस्टम को चुनौती देने वाले एक साइकोपैथ सीरियल रेपिस्ट के खौफनाक दिमाग को उजागर किया गया था।