भारत से 2 दिन पहले विदेश में क्यों रिलीज होगी रणबीर कपूर की 'रामायणम्'? नमित मल्होत्रा ने बताया रिलीज प्लान
बॉलीवुड निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायणम्: पार्ट 1' को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। फिल्म के भारतीय भाषाओं के ट्रेलर के बाद हाल ही में जारी किए गए अंग्रेजी ट्रेलर ने बॉक्स ऑफिस और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
ट्रेलर के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज तारीख का भी ऐलान किया है, जिसे लेकर फैंस के मन में थोड़ी उलझन बनी हुई थी। निर्माता नमित मल्होत्रा ने इस उलझन को पूरी तरह सुलझाते हुए फिल्म की अनोखी रिलीज रणनीति का खुलासा किया है। फिल्म भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अलग-अलग दिनों पर दस्तक देगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 6 नवंबर, तो भारत में दिवाली पर बड़ा धमाका
अंग्रेजी ट्रेलर के अनुसार, फिल्म की वैश्विक रिलीज तिथि 6 नवंबर तय की गई है। हालांकि, भारत में यह फिल्म दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर को रिलीज होगी।
रिलीज की तारीखों में दो दिनों के इस अंतर पर बात करते हुए प्राइम फोकस के प्रमुख और फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्में आमतौर पर शुक्रवार को रिलीज होती हैं, इसलिए हम वैश्विक स्तर पर 6 नवंबर को आ रहे हैं। लेकिन भारत में त्योहारों का बड़ा महत्व है और हम इसे खास तौर पर दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर को भारतीय दर्शकों के सामने पेश करने का लक्ष्य रख रहे हैं।
इस रणनीति से साफ है कि सोनी पिक्चर्स के साथ मिलकर मेकर्स ओवरसीज मार्केट में वीकेंड का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं, जबकि भारत में दिवाली के दिन रिलीज करके एक बड़ा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।
ट्रेलर ने बनाया नया कीर्तिमान
'रामायणम्' को लेकर भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी जबरदस्त बज देखा जा रहा है। नमित मल्होत्रा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि फिल्म के ट्रेलर को दुनिया भर से अभूतपूर्व प्यार मिला है। रिलीज के महज 5 दिनों के भीतर ट्रेलर ने 1 बिलियन (100 करोड़) से अधिक व्यूज हासिल कर लिए हैं। भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह एक बहुत बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
'रामायणम्' दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश लंकापति रावण की भूमिका में दिखेंगे। इसके अलावा सनी देओल (हनुमान), अरुण गोविल, रवि दुबे, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर जैसे दिग्गज कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

