1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. rajesh sharma hospitalized after poisonous insect bite on prabhas spirit movie set

प्रभास की फिल्म के सेट पर हादसा, अभिनेता राजेश शर्मा को जहरीले कीड़े ने काटा

Rajesh Sharma Health Update
बॉलीवुड एक्टर राजेश शर्मा को लेकर एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। अपनी दमदार एक्टिंग से हर किरदार में जान फूंकने वाले राजेश शर्मा इस समय कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। हैदराबाद में सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म के सेट पर एक अनहोनी घटना का शिकार होने के बाद राजेश शर्मा की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
 
बंगाली अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर राजेश शर्मा के परिवार की ओर से एक विस्तृत प्रेस नोट जारी कर इस दर्दनाक घटना की पूरी जानकारी साझा की है। सुदीपा के अनुसार, यह घटना हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में हुई, जहां राजेश शर्मा, प्रभास स्टारर और संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही फिल्म 'स्पिरिट' की शूटिंग कर रहे थे।
शूटिंग का 'पैक-अप' होने के बाद राजेश शर्मा सेट पर मौजूद स्थानीय टेक्नीशियनों से बातचीत कर रहे थे। वह जगह घनी झाड़ियों और वनस्पतियों से घिरी हुई थी। इसी दौरान उन्हें पैर में किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। उस समय दर्द मामूली था, इसलिए राजेश ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और तुरंत डॉक्टर के पास जाना जरूरी नहीं समझा—यही चूक आगे चलकर भारी पड़ गई।
 
फ्लाइट में बिगड़ी तबीयत, पैर में तेजी से फैला जहर
कीड़े के काटने के करीब छह घंटे बाद असली समस्या शुरू हुई। राजेश शर्मा के दाएं पैर में असहनीय दर्द होने लगा। तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्होंने कोलकाता की फ्लाइट पकड़ी। सफर के दौरान जहर का असर पूरे शरीर में दिखने लगा, उन्हें तेज बुखार आ गया, बेचैनी बढ़ गई और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। कोलकाता पहुंचते ही उन्हें तुरंत ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 
अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उनकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं देखा गया है। संक्रमण उनके पैर के अंगूठे से लेकर घुटने तक बहुत तेजी से फैल चुका है और पूरे प्रभावित हिस्से में बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं।
डॉक्टरों की सबसे बड़ी चिंता 
खबरों के अनुसार इलाज कर रहे सीनियर डॉक्टर अविजीत भट्टाचार्य के अनुसार, राजेश शर्मा अभी खतरे से बाहर नहीं हैं। संक्रमण के कारण शरीर में 'ब्लड क्लॉट' बनने की आशंका है। डॉक्टरों को डर है कि अगर यह थक्का फेफड़ों तक पहुंच गया, तो स्थिति पूरी तरह जानलेवा हो सकती है। फिलहाल मेडिकल टीम 24 घंटे उन पर पैनी नजर रखे हुए है।
 
सिनेमा एसोसिएशन ने उठाई जांच की मांग
इस घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी गहरी चिंता व्यक्त की है। एसोसिएशन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से रामोजी फिल्म सिटी के सेट पर सुरक्षा और हाइजीन प्रोटोकॉल की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही फिल्म निर्माताओं से अभिनेता के इलाज का पूरा खर्च उठाने की अपील की है।
 
राजेश शर्मा ने 'खोसला का घोसला', 'इश्किया', 'नो वन किल्ड जेसिका', 'द डर्टी पिक्चर', 'बजरंगी भाईजान' और 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' जैसी दर्जनों फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें