1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. rajesh sharma health update akshay kumar shares emotional post after film set incident

राजेश शर्मा की सेहत को लेकर अक्षय कुमार हुए चिंतित, बोले- जल्दी ठीक हो जा यार

Rajesh Sharma Health Update
बॉलीवुड के फेमस एक्टर राजेश शर्मा इस समय कोलकाता के एक निजी अस्पताल में गंभीर संक्रमण से जूझ रहे हैं। हैदराबाद की रामोजी फिल्मसिटी में सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म के सेट पर राजेश शर्मा को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था। इसके बाद से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। 
 
राजेश शर्मा की इस गंभीर हालत को देखकर उनके बेहद करीबी दोस्त और को-स्टार अक्षय कुमार काफी भावुक हो गए हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। अक्षय कुमार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर राजेश शर्मा के साथ एक खुशनुमा पुरानी तस्वीर साझा की। 
 
इस तस्वीर के साथ अक्षय ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए लिखा, शूटिंग के दौरान एक कीड़े के काटने के बाद मेरे प्यारे दोस्त राजेश की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सुनकर बेहद चिंतित हूं। उम्मीद है कि महादेव उन्हें जल्द और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने का आशीर्वाद देंगे। जल्दी ठीक हो जा यार, अभी साथ बैठ के बहुत हंसना है। 
 
बता दें कि अक्षय और राजेश शर्मा की ऑन-स्क्रीन बॉन्डिंग को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है। दोनों ने स्पेशल 26, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, लक्ष्मी और भूत बंगला जैसी कई बड़ी फिल्मों में एक साथ काम किया है।
एक मामूली डंक बना जानलेवा 
पारिवारिक सूत्रों और अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी द्वारा जारी किए गए शुरुआती बयान के अनुसार, यह घटना हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में पैक-अप के बाद हुई। शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश शर्मा घने पेड़ों और झाड़ियों वाले इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें पैर में किसी कीड़े के काटने का अहसास हुआ। शुरुआत में इसे एक सामान्य बात समझकर उन्होंने नजरअंदाज कर दिया और तुरंत कोई डॉक्टरी इलाज नहीं लिया।
 
करीब छह घंटे बीतने के बाद उनके दाहिने पैर में असहनीय दर्द शुरू हो गया। हालत बिगड़ने के बावजूद उन्होंने कोलकाता के लिए फ्लाइट पकड़ी। हवाई सफर के दौरान राजेश शर्मा को तेज बुखार आ गया और वे बेहद बेचैन हो गए। कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें तुरंत ढाकुरिया स्थित मनिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 
डॉक्टरों के मुताबिक, संक्रमण उनके पैर के अंगूठे से लेकर घुटने तक बहुत तेजी से फैल गया है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले हो गए हैं। उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। हालांकि, ताजा रिपोर्ट के अनुसार पिछले दो दिनों में उनकी स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है और डॉक्टरों की टीम उन पर 24 घंटे नजर रख रही है। 
AICWA की तेलंगाना के CM से जांच की मांग
इस घटना ने फिल्म सेट्स पर काम करने वाले कलाकारों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी को एक पत्र लिखकर इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच की मांग की है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी में भीड़ में फंसे आर्यन खान, गिरते फैन को संभालकर जीता दिल