1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. radhika apte reveals bitter experience working in telugu cinema maternal uncle marriage scene

मामा से शादी करने वाले किरदार को निभाकर परेशान हो गई थीं राधिका आप्टे, बताया तेलुगु फिल्म का कड़वा अनुभव

Radhika Apte
अपनी संजीदा अदाकारी और बेबाक अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री राधिका आप्टे एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। नेटफ्लिक्स की नई वेब सीरीज 'अक्का' के प्रमोशन के दौरान राधिका ने अपने करियर के एक ऐसे अनुभव को साझा किया, जिसे उन्होंने अपने जीवन का सबसे कठिन और परेशान करने वाला रोल बताया है। 
 
राधिका आप्टे ने बिना किसी हिचकिचाहट के स्वीकार किया कि तेलुगु सिनेमा में काम करने का एक अनुभव उनके लिए बेहद कड़वा रहा था। जूम को दिए एक इंटरव्यू में जब राधिका आप्टे से उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण रोल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपनी एक तेलुगु फिल्म की शूटिंग के दिनों को याद किया। 
राधिका ने कहा, मैंने एक तेलुगु फिल्म की थी जिसमें मेरे किरदार को अपने मामा (Maternal uncle) से शादी करनी पड़ी थी। वह मेरे करियर का सबसे कठिन रोल था। उस फिल्म की हर एक चीज से मुझे नफरत थी।   
 
इंटरव्यू के दौरान उनके साथ मौजूद साउथ की मशहूर अभिनेत्री कीर्ति सुरेश पहले तो सरप्राइज हुईं और फिर हंसते हुए उन्होंने माहौल को हल्का करने के लिए बताया कि तमिल और तेलुगु संस्कृति में मामा से शादी की परंपरा काफी आम है।   
 
पितृसत्तात्मक माहौल और ऑन-स्क्रीन डेथ सीन
राधिका ने अपनी बात आगे रखते हुए स्पष्ट किया कि सिर्फ संस्कृति ही नहीं, बल्कि फिल्म सेट का पितृसत्तात्मक माहौल और उम्र का बड़ा फासला भी उनकी असहजता का मुख्य कारण था। उन्होंने कहा, मुझे अपने से काफी बड़े उम्र के अभिनेता के साथ रोमांस करना पड़ा था। वह बेहद पितृसत्तात्मक माहौल और जगह थी। मेरे लिए वह सबसे कठिन काम था। फिल्म के बीच में ही मेरे किरदार की मौत हो जाती है, जिसके बाद हीरो मुझे अपने कंधे पर उठाकर एक्शन सीन करता है। मैं सेट पर यही सोचती थी कि आखिर मेरी मौत कब होगी? 
 
हालांकि राधिका ने फिल्म का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके द्वारा बताए गए सीन और कहानी के विवरण से यह साफ होता है कि वह 2014 में आई निर्देशक बोयापति श्रीनु की सुपरहिट तेलुगु फिल्म 'लीजेंड' का जिक्र कर रही थीं। इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में उन्होंने नंदमुरी बालकृष्ण के साथ काम किया था। उस वक्त बालकृष्ण की उम्र 54 साल और राधिका की उम्र 29 साल थी। 
 
राधिका आप्टे ने अपने पूरे करियर में अब तक केवल चार तेलुगु फिल्मों में काम किया है। उन्होंने साल 2010 में राम गोपाल वर्मा की द्विभाषी फिल्म 'रक्त चरित्र' से तेलुगु डेब्यू किया था। इसके बाद 2012 में प्रकाश राज की 'धोनी' और फिर नंदमुरी बालकृष्ण के साथ 'लीजेंड' (2014) और 'लायन' (2015) में अभिनय किया। वर्ष 2015 के बाद से उन्होंने किसी भी तेलुगु फिल्म में काम नहीं किया है।  
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
टीकू तलसानिया और पूजा जोशी की फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ का ट्रेलर रिलीज, आस्था और विज्ञान का दिखेगा अनूठा संगम