'जब पैसे चाहिए तब वो पिता हैं...' आर्य बब्बर के आरोपों पर प्रतीक का करारा पलटवार
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता राज बब्बर का परिवार इन दिनों पारिवारिक मतभेदों को लेकर सुर्खियों में है। पिछले लंबे समय से पर्दे के पीछे चल रही बब्बर परिवार की अनबन अब खुलकर आ चुकी है। हाल ही में राज बब्बर के बड़े बेटे आर्य बब्बर ने अपने सौतेले भाई प्रतीक स्मिता पाटिल पर आरोप लगाए थे।
आर्य बब्बर ने कहा था कि प्रतीक ने अपने पिता राज बब्बर को पैसों के लिए इस्तेमाल किया और बाद में उन्हें गलत साबित करने की कोशिश की। अब प्रतीक ने अपने ऊपर लगे आरोप पर सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर कर पलटवार किया है।
हालांकि प्रतीक ने सीधे तौर पर आर्य का नाम नहीं लिया, लेकिन अपनी पत्नी प्रिया बनर्जी के एक सोशल मीडिया पोस्ट को री-शेयर करके उन्होंने साफ संदेश दे दिया। प्रिया बनर्जी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था, "अगर गलत जानकारी (Misinformation) फैलाने से बिलों का भुगतान हो पाता, तो कुछ लोग आखिरकार आज सफल हो जाते।"
प्रतीक ने इसी पोस्ट को अपने इंस्टाग्राम पर हैशटैग #IYKYK (If You Know You Know - यानी जो जानते हैं, वो जानते हैं) के साथ री-शेयर किया। इसे सीधे तौर पर आर्य बब्बर के करियर और उनके दावों पर एक तीखा तंज माना जा रहा है।
राज बब्बर और दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक पाटिल का अपने पिता के परिवार (नादिरा बब्बर, आर्य और जूही बब्बर) के साथ रिश्ता हमेशा से उतार-चढ़ाव भरा रहा है। स्मिता पाटिल के निधन के बाद प्रतीक का पालन-पोषण उनके ननिहाल में हुआ था। हालांकि, बाद में पिता-पुत्र के संबंध सुधर गए थे, लेकिन हाल के वर्षों में यह दूरियां फिर से बढ़ गईं।
हम विलेन बन जाते हैं और वो विक्टिम
आर्य बब्बर ने एक इंटरव्यू के दौरान दुख जताते हुए कहा था कि यह बेहद दुखद है कि जिस स्मिता मां के लिए उनके पिता ने अपना पहला परिवार छोड़ दिया था, आज उन्हीं का बेटा राज बब्बर को अपना पिता मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा था, दुनिया के सामने हम हमेशा विलेन बन जाते हैं और प्रतीक को एक विक्टिम के रूप में दिखाया जाता है।
आर्य ने स्पष्ट किया कि एक बड़े भाई के नाते वह जरूरत पड़ने पर हमेशा खड़े रहेंगे, लेकिन अब उनके मन में प्रतीक के लिए पहले जैसा प्यार और गर्मजोशी शायद कभी वापस नहीं आ पाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले पर राज बब्बर की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन दोनों भाइयों की यह जुबानी जंग इंटरनेट पर टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें