सम्बंधित जानकारी
- पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सलमान खान से जोड़ा कनेक्शन!
- सपना चौधरी ने पति वीर साहू पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, कोर्ट ने दी सुरक्षा
- आमिर खान प्रोडक्शंस और 'लगान' के 25 साल पूरे: आमिर खान देंगे ग्रैंड पार्टी, पूरी कास्ट और क्रू होगी शामिल
- 'गवर्नर' का 90 के दशक वाला ऑफर, मात्र इतने रुपए में देखें मनोज बाजपेयी की फिल्म
- राम चरण की 'पेड्डी' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 6 दिन में किया इतने करोड़ का कलेक्शन
370 रुपए बिरयानी विवाद से मचा बवाल, डेट स्टोरी ने छीन ली नौकरी, कॉमेडियन प्रणित मोरे को भी मांगनी पड़ी माफी
सोशल मीडिया की दुनिया में कब, कौन-सी बात एक बड़े विवाद का रूप ले ले, यह कहना मुश्किल है। इन दिनों इंटरनेट पर '370 रुपए की बिरयानी' शब्द खूब ट्रेंड कर रहा है।
स्टैंडअप कॉमेडी प्रणित मोरे के शो से शुरू हुआ यह साधारण सा दिखने वाला वाकया अब महिलाओं की सुरक्षा, सहमति और सोशल मीडिया अकाउंटेबिलिटी की गंभीर बहस में बदल चुका है। इस विवाद के केंद्र में हैं —कॉमेडियन प्रणीत मोरे, दर्शक हिमांशु जांगड़ा और उनकी कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा।
क्या है 370 की बिरयानी का पूरा मामला?
यह विवाद गुरुग्राम में आयोजित स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक 'क्राउड-वर्क' शो से शुरू हुआ। शो के दौरान प्रणित मोरे ने दर्शकों में बैठे वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा को अपना एक किस्सा शेयर करने के लिए आमंत्रित किया। हिमांशु ने अपनी एक डेट का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने एक महिला के साथ डेट पर चिकन बिरयानी खाई, जिसका बिल करीब 370 रुपए आया था। इसके बाद जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो हिमांशु के मन में पैसे 'वसूल' करने का विचार आया। वीडियो में उन्हें साफ कहते सुना गया— 'मैंने कहा कि 370 रुपए लगे हैं तो उसे वसूल तो करूंगा ही।'
बात यहीं नहीं रुकी; हिमांशु ने आगे बताया कि लड़की की हिचकिचाहट के बावजूद वह उसे एक अंधेरे पार्क में ले गए और रात होने का इंतजार करने लगे। इस आपत्तिजनक बयान पर शो में मौजूद कॉमेडियन और दर्शकों ने आपत्ति जताने के बजाय ठहाके लगाए, और प्रणीत मोरे ने इसे 'पीक गुरुग्राम मोमेंट' कह दिया।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
जैसे ही इस शो की क्लिप सोशल मीडिया पर अपलोड हुई, इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने हिमांशु की सोच को बेहद खतरनाक, पितृसत्तात्मक और "रेपिस्ट माइंडसेट" से प्रेरित बताया। सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई कि क्या किसी महिला पर पैसे खर्च करने का मतलब यह है कि पुरुष उसके शरीर पर अधिकार पा लेता है?
यूट्यूबर एल्विश यादव ने भी इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस 370 रुपए की बिरयानी ने दो चीजें एक्सपोज कर दीं—एक आदमी को लगा कि सहमति का भी एमआरपी होता है और कॉमेडियन को लगा कि हर असहज चुप्पी को लाफ्टर ट्रैक से छुपाया जा सकता है।
अच्छे एम्प्लॉई होने के बाद भी गई नौकरी
विवाद बढ़ने के बाद नेटिजन्स ने हिमांशु जांगड़ा की कंपनी स्टारविक डिजाइन को ढूंढ निकाला और उनके पेजों पर कमेंट्स की बाढ़ ला दी। कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने शुरुआत में इस पर ध्यान नहीं दिया, क्योंकि यह मामला ऑफिस के बाहर का था। लेकिन जब कंपनी की ब्रांड इमेज दांव पर लग गई, तो उन्होंने हिमांशु को नौकरी से टर्मिनेट कर दिया।
विवेक विश्वकर्मा ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि यह उनके लिए पूरी तरह से एक बिजनेस डिसीजन था। उन्होंने कहा, स्टारविक एक डिजाइन और मार्केटिंग कंपनी है, जिसके क्लाइंट्स मुख्य रूप से सोशल मीडिया के जरिए आते हैं। विवाद के बाद कंपनी के इंस्टाग्राम और अन्य पेजों पर हजारों की संख्या में नकारात्मक कमेंट्स और रिव्यूज आने लगे, जिससे कंपनी की साख खतरे में पड़ गई।
विवेक ने खुलासा किया कि इस विवाद के कारण कुछ संभावित क्लाइंट्स, जिनसे डील फाइनल होने वाली थी, उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए। इससे सीधे तौर पर कंपनी का काम प्रभावित हो रहा था। दिलचस्प बात यह है कि विवेक ने हिमांशु को कार्यस्थल पर एक 'अच्छा और पेशेवर कर्मचारी' बताया। उन्होंने कहा कि ऑफिस के अंदर हिमांशु का व्यवहार महिला कर्मचारियों के साथ भी हमेशा सम्मानजनक और मददगार रहा था, जो कि उनके इस बाहरी रूप से बिल्कुल अलग था।
कॉमेडियन प्रणीत मोरे की माफी
चारों तरफ से घिरने और तीखी आलोचना झेलने के बाद कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने भी अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि यह उनके निर्णय की एक बड़ी चूक थी और उन्हें हंसने के बजाय उस टिप्पणी का विरोध करना चाहिए था। इसके बाद प्रणीत मोरे ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया।
