रकुलप्रीत सिंह के भाई अमनप्रीत की तलाश कर रही हैदराबाद पुलिस, ड्रग्स केस में हैं फरार
बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह के भाई अमनप्रीत सिंह की पुलिस एक ड्रग्स मामले में तलाक कर रही हैं। अमनप्रीत सिंह तेलुगू और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हैं। उन्हें हैदराबाद पुलिस ने शहर के मसाब टैंक इलाके में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स केस में आरोपी बनाया है।
अमनप्रीत फिलहाल फरार हैं। उन्हें ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीमें बनाई हैं। यह मामला 19 दिसंबर को मसाब टैंक इलाके में एक स्पेशल ऑपरेशन के दौरान कोकीन और MDMA की जब्ती से जुड़ा है। पुलिस ने ट्रूप बाजार से नितिन सिंघानिया और श्रेणिक सिंहवी नाम के दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के दौरान अमनप्रीत का नाम सामने आया।
खबरों के अनुसार अमनप्रीत सिंह गिरफ्तार व्यापारियों से नियमित रूप से ड्रग्स खरीदता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमनप्रीत सिंह का नाम पहले भी साइबराबाद पुलिस द्वारा दर्ज पिछले ड्रग्स मामलों में आरोपी के तौर पर शामिल था, जिसमें नरसिंगी पुलिस स्टेशन का एक मामला भी शामिल है।
कौन हैं अमनप्रीत सिंह
अमनप्रीत का जन्म 1 अप्रैल 1993 को हुआ था। वह रकुल प्रीत सिंह के भाई हैं। बहन के कारण ही, अमन अक्सर सुर्खियों में छाए रहते हैं। अमन भी एक एक्टर हैं और उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है। उन्होंने 'निन्नेपेल्लाडाटा' (2020) और 'प्रोडक्शन नंबर 1' (2020) जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। अमन ने 2020 में फिल्म 'रामराज्य' से बॉलीवुड डेब्यू किया था।