नशे में धुत शख्स ने मारी नोरा फतेही की कार को जोरदार टक्कर, एक्ट्रेस बोलीं- मैं जिंदा हूं...
बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। नोरा एक हादसे का शिकार हो गई हैं। एक्ट्रेस की कार को शराब के नशे में धुत एक कार ड्राइवर ने टक्कर मार दी। राहत की बात यह है कि इस हादसे में नोरा को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
नोरा फतेही संग यह हादसा मुंबई में बीती रात हुआ। वह डीजे डेविड गुएटा के कॉन्सर्ट में जा रही थीं। तभी नशे में धुत एक कार ड्राइवर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद नोरा की टीम उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां सीटी स्कैन कराकर गंभीर चोट या इंटरनल ब्लीडिंग की आशंका को खारिज किया गया।
खबरों के अनुसार डॉक्टरों ने बताया कि नोरा फतेही को हल्का झटका लगा है और आराम की सलाह दी गई थी। लेकिन एक्ट्रेस ने काम पर लौटने पर जोर दिया और रात में सनबर्न 2025 में शामिल हुईं। नोरा ने अपने साथ हुए हादसे की पुलिस को भी जानकारी दी। पुलिस नशे में धुत ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि एक्ट्रेस नोरा फतेही मुंबई में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। एक शराबी ड्राइवर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई।
नोरा ने पोस्ट कर दी अपनी हेल्थ अपडेट
नोरा फतेही ने इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो शेयर कर अपनी साथ हुए हादसे की जानकारी दी। साथ ही बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं, मगर अभी भी ट्रॉमा में हैं। नोरा ने कहा कि ये उनकी लाइफ का सबसे डरावना और खौफनाक पल था। वो अभी तक शॉक में हैं।
नोरा ने कहा, मैं आप सभी को यह बताने आई हूं कि मैं बिल्कुल ठीक हूं। मेरा एक बहुत ही खतरनाक कार एक्सीडेंट हो गया था। नशे में ड्राइव कर रहे एक शख्स ने मेरी गाड़ी में जोर से टक्कर मार दी। टक्कर का इंपैक्ट काफी तेज था, जिसकी वजह से मैं कार में बुरी तरह उछल गई। मेरा सिर विंडो से टकरा गया।
उन्होंने आगे कहा, खैर, मैं जिंदा हूं। ठीक हूं। मुझे छोटी-मोटी चोंटें आई हैं। हल्की सूजन भी है। लेकिन मैं शुक्रगुजार हूं कि मैं ठीक हूं। ये इससे भी भयानक हो सकता था। इसलिए मैं कहना चाहती हूं कि नशे में बिल्कुल भी ड्राइव न करें। मैं झूठ नहीं बोलूंगी ये मेरे लिए बहुत ही डरावना और खौफनाक पल था। मैंने अभी भी थोड़ी सदमे में हूं।