'रॉकी भाई' की मुरीद हुईं नयनतारा, यश के लिए कही दिल छू लेने वाली बात
भारतीय सिनेमा जगत की 'लेडी सुपरस्टार' नयनतारा अपनी अभिनय कला के साथ-साथ अपने ग्रेस और रिजर्व स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर फिल्मों के प्रमोशनल कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखती हैं, लेकिन बेंगलुरु में आयोजित आगामी बहुचर्चित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में जब वह मंच पर आईं, तो हर कोई हैरान रह गया।
नयनतारा ने इस दौरान कन्नड़ सिनेमा के 'रॉकिंग स्टार' यश की जमकर तारीफ की और उनके काम के प्रति समर्पण की ऐसी मिसालें दीं, जिसने वहां मौजूद हर दर्शक का दिल जीत लिया। इवेंट के दौरान नयनतारा ने बहुत ईमानदारी से स्वीकार किया कि वह आमतौर पर फिल्मों के प्रमोशन से दूर ही रहती हैं।
उन्होंने कहा, ऐसा नहीं है कि मैं प्रमोशनल इवेंट्स में आना नहीं चाहती, लेकिन मैं इनमें बहुत अच्छी नहीं हूं। इसलिए मैं थोड़ा अलग रहती हूँ। लेकिन यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास है। यश ने मुझे खुद फोन किया और उनका एक फोन ही मेरे लिए यहां आने के लिए काफी था।
नयनतारा ने यश की तारीफ के कसीदे पढ़ते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे करियर में भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज और बड़े सुपरस्टार्स के साथ काम किया है, लेकिन यश जैसा जुनून और मेहनत उन्होंने पहले कभी किसी में नहीं देखी।
नयनतारा ने कहा, पहली बार जब मैं यश से मिली, तो पर्दे पर जो उनकी लार्जर-दैन-लाइफ छवि है, वही विशालता उनके व्यक्तित्व में भी महसूस हुई। मैंने अपने करियर में उनसे ज्यादा मेहनती अभिनेता कभी नहीं देखा। सेट पर रोज उनके काम करने का जुनून देखकर मैं अचंभित रह जाती थी। इस व्यक्ति ने इस एक प्रोजेक्ट को अपने जीवन के साढ़े चार साल दे दिए।
नयनतारा ने इस बात पर जोर दिया कि पर्दे के पीछे के त्याग को अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। यश ने इस फिल्म के लिए न सिर्फ शारीरिक और मानसिक मेहनत की, बल्कि अपने बच्चों और परिवार के साथ बिताए जाने वाले अमूल्य समय की भी बलि चढ़ाई।
पर्दे का 'रॉकी भाई' असल जिंदगी में भी खास
नयनतारा ने यश को उनके लोकप्रिय नाम 'रॉकी भाई' से संबोधित करते हुए कहा कि उनकी असली ताकत केवल स्क्रीन तक सीमित नहीं है। वह पर्दे के पीछे अपने साथियों और क्रू का जिस तरह ख्याल रखते हैं, वह उन्हें एक सच्चा सुपरस्टार बनाता है। नयनतारा ने विशेष रूप से यश की पत्नी राधिका के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें यश की सबसे बड़ी ढाल और ताकत बताया।
फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास की तारीफ करते हुए नयनतारा ने बताया कि वह गीतू को पिछले 20 सालों से जानती हैं। शुरुआत में जब उन्हें पता चला कि 'टॉक्सिक' में बहुत बड़ी स्टारकास्ट है, तो वह थोड़ी असमंजस में थीं। लेकिन सेट पर जिस तरह गीतू ने हर एक कलाकार का हाथ थामकर काम किया, उसने सभी का दिल जीत लिया।
नयनतारा ने कहा, मैंने कभी किसी मेल सुपरस्टार को किसी निर्देशक का इस तरह सम्मान और देखभाल करते नहीं देखा, जैसा यश ने गीतू के लिए किया। एक एक्टर, प्रोड्यूसर और इंसान के रूप में यश के लिए मेरे मन में गहरा आदर है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन और केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह पैन-इंडिया एक्शन थ्रिलर 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।

