1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. naseeruddin shah birthday best movies national awards career achievements

नसीरुद्दीन शाह ने समानांतर सिनेमा से कमर्शियल फिल्मों तक हर किरदार में छोड़ी अमिट छाप

Naseeruddin Shah Birthday
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह 76 वर्ष के हो गए हैं। समानांतर सिनेमा से लेकर व्यावसायिक फिल्मों तक अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले नसीरुद्दीन शाह भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली कलाकारों में गिने जाते हैं।
 
20 जुलाई 1950 को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में जन्मे नसीरुद्दीन शाह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अजमेर और नैनीताल में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। अभिनय के प्रति गहरी रुचि के चलते उन्होंने वर्ष 1971 में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली में प्रवेश लिया और अभिनय की बारीकियां सीखीं।
 
वर्ष 1975 में नसीरुद्दीन शाह की मुलाकात प्रख्यात फिल्मकार श्याम बेनेगल से हुई। उस समय श्याम बेनेगल अपनी फिल्म ‘निशांत’ के निर्माण की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें फिल्म में अभिनय का अवसर दिया। इसके साथ ही उनके फिल्मी करियर की मजबूत शुरुआत हुई।
वर्ष 1976 नसीरुद्दीन शाह के करियर का महत्वपूर्ण वर्ष साबित हुआ। इस दौरान उनकी ‘भूमिका’ और ‘मंथन’ जैसी चर्चित फिल्में रिलीज हुईं। दुग्ध क्रांति की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘मंथन’ में उनके अभिनय को विशेष रूप से सराहा गया। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में इसलिए भी उल्लेखनीय मानी जाती है क्योंकि इसके निर्माण के लिए गुजरात के लाखों किसानों ने आर्थिक सहयोग दिया था।
 
वर्ष 1977 में उन्होंने अपने मित्रों बेंजामिन गिलानी और टॉम ऑल्टर के साथ मिलकर एक थिएटर समूह की स्थापना की। रंगमंच के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें अभिनय की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इसी क्रम में सैमुअल बेकेट के प्रसिद्ध नाटक ‘वेटिंग फॉर गोडोट’ का मंचन भी किया गया।
 
वर्ष 1979 में प्रदर्शित फिल्म ‘स्पर्श’ में उन्होंने एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका निभाई। इस चुनौतीपूर्ण किरदार में उनके सशक्त अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों को समान रूप से प्रभावित किया। फिल्म में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया।
वर्ष 1980 में प्रदर्शित गोविंद निहलानी निर्देशित फिल्म ‘आक्रोश’ उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है। फिल्म में उन्होंने एक ऐसे वकील की भूमिका निभाई जो अन्याय के खिलाफ संघर्ष करता है। इसके बाद वर्ष 1983 में सई परांजपे निर्देशित ‘कथा’ और कुंदन शाह निर्देशित ‘जाने भी दो यारों’ में उनके अभिनय को खूब सराहना मिली।
 
विशेष रूप से ‘जाने भी दो यारों’ ने नसीरुद्दीन शाह की छवि को नया आयाम दिया। इससे पहले उन्हें मुख्य रूप से गंभीर भूमिकाओं के अभिनेता के रूप में देखा जाता था, लेकिन इस फिल्म में उनके हास्य अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उनकी बहुमुखी प्रतिभा को स्थापित किया।
 
वर्ष 1985 में प्रदर्शित ‘मिर्च मसाला’ भी उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है। केतन मेहता निर्देशित इस फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रशंसा प्राप्त की। फिल्म में सामंती व्यवस्था के बीच संघर्ष करती महिलाओं की कहानी को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया था।
 
अस्सी के दशक के उत्तरार्ध में नसीरुद्दीन शाह ने व्यावसायिक सिनेमा की ओर भी रुख किया। इस दौरान उन्होंने जलवा, मालामाल, हीरो हीरालाल और त्रिदेव जैसी फिल्मों में अभिनय किया। इन फिल्मों की सफलता ने उन्हें मुख्यधारा के सिनेमा में भी स्थापित कर दिया।
 
नब्बे के दशक में उन्होंने छोटे पर्दे पर भी अपनी छाप छोड़ी। गुलजार निर्देशित धारावाहिक ‘मिर्जा गालिब’ में उनकी भूमिका को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इसके अलावा ‘भारत एक खोज’ में उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाकर भी दर्शकों की सराहना हासिल की।
 
अभिनय में विविधता बनाए रखने के लिए नसीरुद्दीन शाह ने विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभाईं। वर्ष 1994 में प्रदर्शित फिल्म ‘मोहरा’ में उन्होंने खलनायक की भूमिका निभाकर दर्शकों को चौंका दिया। इसके बाद चाहत, राजकुमार, सरफरोश, टक्कर, हिम्मत और कृष जैसी फिल्मों में भी उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं।
 
अपने लंबे और सफल करियर में नसीरुद्दीन शाह को तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और तीन फिल्मफेयर पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री और पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों से भी सम्मानित किया है। नसीरुद्दीन शाह आज भी फिल्मों, रंगमंच और अन्य कलात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
रणवीर सिंह से ऋषभ साहनी तक, बॉलीवुड के 7 दमदार विलेन जिन्होंने हर सीन पर छोड़ी अपनी छाप