1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. narmadapuram viral missing inspector news the narmada story movie promotion
Last Modified: सोमवार, 11 मई 2026 (14:07 IST)

‘द नर्मदा स्टोरी’ का अनोखा प्रमोशन, वायरल स्क्रीनशॉट से मचा दिया हड़कंप, इस दिन रिलीज हो रही फिल्म

The Narmada Story movie
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से आई एक रहस्यमयी खबर ने सोशल मीडिया और न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स पर भारी हलचल पैदा कर दी। वायरल हो रहे एक कथित न्यूज़ चैनल स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि पुलिस इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया रात लगभग एक बजे एक महत्वपूर्ण केस के सिलसिले में पुलिस लाइन स्थित अपने निवास से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया।
 
खबर के अनुसार, जिला पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया था और स्थानीय पुलिस टीमों को इस रहस्य को सुलझाने के लिए 12 जून तक का समय दिया गया था। वायरल स्क्रीनशॉट में सीसीटीवी फुटेज, ब्रेकिंग न्यूज़ ग्राफिक्स और “पुरुषोत्तम भदौरिया कहाँ हैं?” जैसे सवालों ने लोगों के बीच उत्सुकता और डर दोनों पैदा कर दिए।

 
कुछ ही घंटों में यह स्क्रीनशॉट फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सऐप सहित तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे वास्तविक घटना मानते हुए चिंता व्यक्त की, जबकि कुछ यूज़र्स ने इसे किसी बड़े अपराध या राजनीतिक साज़िश से जोड़ना शुरू कर दिया।
थोड़े से समय के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह पूरी मुहिम आगामी फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' के लिए तैयार किया गया एक हाई-वोल्टेज प्रमोशनल कैंपेन है। फिल्म की टीम ने सस्पेंस और रियलिस्टिक प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा करने के उद्देश्य से इस अनोखी रणनीति को अपनाया।
 
फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि द नर्मदा स्टोरी एक रहस्य, अपराध और भावनात्मक संघर्ष से भरी कहानी है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी के अचानक गायब होने के पीछे छिपे कई चौंकाने वाले राज सामने आते हैं। इस फिल्म में रियल आईपीएस ऑफिसर सिमाला प्रसाद के साथ-साथ रघुवीर यादव, मुकेश तिवारी, अंजलि पाटिल, अश्विनी कालसेकर, ज़रीना वहाब जैसे दिग्गज कलाकार नज़र आएंगें। 
 
सोशल मीडिया पर इन दिनों सिमाला प्रसाद के रोल की जबर्दस्त चर्चा है। दर्शक एक रीयल पुलिस ऑफिसर को पर्दे पर पुलिस अधिकारी के तौर पर देखने के लिए उत्सुक हैं। फेसबुक, इंस्टा और अन्य सभी माध्यमों के जरिए लगातार सिमाला प्रसाद की न्यूज़ पूरे देश में वायरल हो रही है। पुलिस हेडक्वार्टर भोपाल में डीआईजी महिला सुरक्षा की पोस्ट पर पदस्थ सिमाला को देश के बेहतरीन पुलिस ऑफिसरों में गिना जाता है। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
विराट कोहली के इंस्टाग्राम 'लाइक' से मचा तूफान, जर्मन मॉडल का दावा- मीडिया ने स्कैंडल बनाने का डाला दबाव