1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. nana patekar death goa police registers unnatural death case investigation

नाना पाटेकर के निधन के बाद गोवा पुलिस ने दर्ज किया अप्राकृतिक मृत्यु का केस, शुरू की जरूरी कानूनी प्रक्रिया

Nana Patekar Death
भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। 8 अक्टूबर 2026 को अभिनेता के निधन की खबर सामने आने के बाद से ही उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। इस बीच गोवा पुलिस ने उनकी मौत के मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज किया है। 
 
खबरों के मुताबिक, पणजी पुलिस ने नाना पाटेकर के निधन के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभिनेता को गोवा के डोना पाउला स्थित उनके आवास से मणिपाल अस्पताल, बाम्बोलिम लाया गया था, जहां उन्हें मृत अवस्था में पाया गया।
इस मामले की आगे की जांच पुलिस सब-इंस्पेक्टर नितिन नाइक के नेतृत्व में की जा रही है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज होना अपने आप में किसी आपराधिक साजिश का प्रमाण नहीं है। यह ऐसी परिस्थितियों में मृत्यु के कारणों और संबंधित तथ्यों की जांच के लिए अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। 
 
मणिपाल अस्पताल के डॉ. शेखर सालकर ने एएनआई को बताया था कि नाना को सुबह करीब 4.20 से 4.30 के बीच अस्पताल लाया गया थश। डॉक्टरों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन वह मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल की ओर से इस मामले को मेडिको-लीगल केस के तौर पर रिपोर्ट किया गया, जिसके बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया। 
 
पुणे में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
नाना पाटेकर को 8 अक्टूबर की रात पुणे के डोंजे स्थित उनके फार्महाउस पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए परिवार के सदस्यों, परिचितों और प्रशंसकों की भीड़ जुटी। उनके निधन से हिंदी और मराठी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसकी अभिनय शैली और दमदार संवाद अदायगी ने दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।
 
नाना पाटेकर अपने प्रभावशाली अभिनय, दमदार आवाज और बेबाक व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उन्होंने हिंदी और मराठी फिल्मों में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं और अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई। उनके निधन से फिल्म जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
जब शाहरुख खान को जाना पड़ा था जेल, तब नाना पाटेकर ने की थी मदद, सालों पुराना किस्सा फिर चर्चा में