'अलायंस' की पहली विनर बनीं मिनी माथुर, ग्रैंड फिनाले में अली गोनी और रूही दोसानी को दी करारी शिकस्त
कुणाल खेमू के पॉपुलर रियलिटी शो 'अलायंस' अपने पहले ही सीजन में जबरदस्त सफल रहा। ड्रामा, टास्क और कड़े मुकाबले से भरे इस शो को अब अपना पहला विजेता मिल गया है। मशहूर एंकर और एक्ट्रेस मिनी माथुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'अलायंस' के पहले सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।
मिनी माथुर ने ग्रैंड फिनाले के बेहद कड़े मुकाबले में डिजिटल क्रिएटर रूही दोसानी और टीवी एक्टर अली गोनी को पीछे छोड़कर यह ऐतिहासिक जीत हासिल की। शो के फाइनल वीक में अली गोनी ने अपनी रणनीतियों से पहले ही 'एस ऑफ द वीक' बनकर फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली थी।
इसके बाद बाकी बचे दो स्पॉट्स के लिए चार कंटेस्टेंट्स के बीच आमने-सामने का कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मिनी माथुर ने कुशल टंडन को सेमीफाइनल टास्क में हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। रूही दोसानी ने नीति टेलर को पटखनी देकर फिनाले की रेस में अपनी जगह पक्की की। इस तरह मिनी माथुर, रूही दोसानी और अली गोनी शो के टॉप 3 फाइनलिस्ट बने।
ग्रैंड फिनाले में हुआ पूर्व कंटेस्टेंट्स का 'हिसाब-किताब'
ट्रॉफी के अंतिम मुकाबले से पहले शो में उस वक्त काफी ड्रामा देखने को मिला, जब बेघर हो चुके पूर्व कंटेस्टेंट्स की घर में वापसी हुई। शो से बाहर हुए सितारों ने बचे हुए सदस्यों का खुलकर सामना किया। एक्ट्रेस डेज़ी शाह ने वंशाज सिंह पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने वंशाज के उस बयान पर आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने कहा था कि डेज़ी का शो में कोई योगदान नहीं रहा।
सीमा सजदेह ने उन आरोपों का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि वह और सोहेल खान शो में केवल "वेकेशन" मनाने आए थे। इन तीखी बहसों और ड्रामे के बाद मेकर्स ने तीनों फाइनलिस्ट मिनी, अली और रूही के अब तक के सफर का इमोशनल जर्नी वीडियो दिखाया, जिसे देखकर सभी भावुक हो गए।
ट्रॉफी और प्राइज मनी का वॉल्ट खोलने के लिए तीनों फाइनलिस्ट्स के बीच एक बेहद कठिन टास्क कराया गया। फाइनलिस्ट्स को एक बॉक्स से बॉल्स निकालकर पुल का निर्माण करना था। इसके बाद उन बॉल्स को एक प्लेटफॉर्म पर ले जाकर तीन बॉल्स को एक साथ बैलेंस करना था। ऐसा करने पर ही उन्हें वॉल्ट अनलॉक करने का कोड मिलता।
इस माइंड और बैलेंसिंग गेम में मिनी माथुर ने गजब का संयम और फुर्ती दिखाई। मिनी माथुर ने कुल 3 कोड्स हासिल किए। वहीं अली गोनी कुल 2 कोड्स ही जुटा पाए। ज्यादा कोड्स हासिल कर मिनी माथुर ने वॉल्ट खोल लिया और शो की पहली विनर बन गईं। उनके इस प्रदर्शन पर कुशाल टंडन ने मिनी की तारीफ करते हुए उन्हें "फर्स्ट लेडी ऑफ अलायंस" की उपाधि दी।
जीत के बाद ट्रॉफी हाथ में थामकर मिनी माथुर काफी भावुक नजर आईं। अपनी विनिंग स्पीच में उन्होंने कहा, इन 6 हफ्तों में मैंने एक पूरी जिंदगी जी ली है। यह मेरा पहला कैप्टिव रियलिटी शो था, इससे पहले मैंने कभी ऐसे शो के बारे में नहीं सोचा था। मुझे स्पोर्ट्स और कॉम्पिटिशन से प्यार है, इसलिए दोस्तों के ज़िद करने पर मैंने 'हाँ' कहा। मुझे नहीं लगा था कि मैं यहाँ एक हफ्ते से ज्यादा टिक पाऊंगी, लेकिन मैं यहाँ आई और मुझे हर एक कंटेस्टेंट से प्यार हो गया।
उन्होंने आगे कहा, मैंने यह शो गरिमा और सम्मान के साथ जीता है। मुझे उम्मीद है कि मेरी इस जर्नी को देखकर देश की अन्य महिलाएं भी प्रेरित होंगी और अपने सपनों को पूरा करने के लिए अपनी सीमाओं से बाहर निकलेंगी।

