60 की उम्र में मिलिंद सोमन ने रचा इतिहास, यूरोप से अफ्रीका तक तैरकर पार किया स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर
उम्र को सिर्फ एक संख्या बताने वाले जाने-माने अभिनेता और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन ने एक बार फिर अपनी अद्भुत सहनशक्ति और फिटनेस का परिचय दिया है। 60 साल की उम्र में मिलिंद सोमन ने स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर को तैरकर पार करने का एक कठिन और साहसी कारनामा कर दिखाया है।
मिलिंद ने यूरोप और अफ्रीका के बीच की 15 किलोमीटर की दूरी को खुले पानी में तैरकर पूरा किया। उनकी इस यात्रा की शुरुआत स्पेन के तारिफा से हुई और वे मोरक्को के तट पर पहुंचे। यह उपलब्धि न केवल उनकी फिटनेस को दर्शाती है, बल्कि अन्य युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा भी बनी है।
मिलिंद सोमन ने अपनी इस यात्रा का अनुभव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि 1 मई को उन्होंने यूरोप से अफ्रीका तक स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर को पार किया। अपने इस रोमांचक अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने इसे "बहुत ही खूबसूरत और शानदार" बताया।
मिलिंद सोमन का यह तैरने का सफर जितना रोमांचक दिखता है, उतना ही कठिन भी है। स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर के सबसे संकरे हिस्से में 15 किलोमीटर की दूरी तय करना, बदलते मौसम और अप्रत्याशित समुद्री धाराओं के कारण बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। लेकिन मिलिंद सोमन ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और कड़े अभ्यास से इस चुनौती को पार कर लिया।
उनकी इस पोस्ट पर फैंस से लेकर बॉलीवुड हस्तियों ने भी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता नील नितिन मुकेश ने उनकी इस उपलब्धि पर फायर इमोजी के साथ बधाई दी। वहीं, एक फैन ने उन्हें 'कैप्टन व्योम' कहकर याद किया और उनकी सहनशक्ति की प्रशंसा की।
फिटनेस और खेल के अलावा, मिलिंद सोमन अपने एक्टिंग करियर में भी सक्रिय हैं। वे जिओ-हॉटस्टार पर रिलीज हुई नई वेब सीरीज 'काट्टन' में नजर आए हैं। इस सीरीज में उनके साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें