मास्टर शेफ इंडिया विनर पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, अस्पताल के बेड से तस्वीर शेयर कर मांगी दुआएं
मशहूर कुकिंग रियलिटी शो 'मास्टरशेफ इंडिया' के पहले सीजन की विनर और देश की जानी-मानी सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया को लेकर एक बेहद भावुक करने वाली खबर सामने आई है। पंकज भदौरिया को ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसका खुलासा किया है।
पंकज भदौरिया ने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में वह अस्पताल के बेड पर लेटी नजर आ रही हैं। उनके हाथों में कैनुला लगा हुआ है और वे मेडिकल टेस्ट के दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मुझे ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है। आपकी प्रार्थनाओं और समर्थन की आवश्यकता है।'
इसके अलावा पंकज ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपने फॉलोअर्स को अपना विस्तारित परिवार बताते हुए कहा कि वे इस मुश्किल समय में किसी अफवाह के बजाय खुद अपने फैंस को यह जानकारी देना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि दुआएं चमत्कार करती हैं, इसलिए मुझे अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें।
पंकज भदौरिया कुकिंग इंडस्ट्री में आने से पहले लखनऊ में एक स्कूल शिक्षिका थीं। वे लगभग 16 सालों से टीचिंग प्रोफेशन में थीं। जब 2010 में भारत में पहली बार 'मास्टरशेफ इंडिया' की शुरुआत हुई, तो उन्होंने इसमें भाग लेने का फैसला किया। अक्षय कुमार द्वारा होस्ट किए गए इस शो की भारत की पहली मास्टरशेफ विजेता बनीं।
मास्टरशेफ जीतने के बाद पंकज भदौरिया भारतीय टेलीविजन का एक जाना-माना चेहरा बन गईं। उन्होंने कई लोकप्रिय कुकिंग और रियलिटी शोज को होस्ट और जज किया। इनमें शेफ पंकज का जायका, किफायती रसोई, 3 कोर्स विद पंकज, जस्ट लाइक दैट, हेल्थ इन 100, रसोई से - पंकज भदौरिया के साथ और ड्रीम किचन जैसे कई शो शामिल है।
पंकज भदौरिया के नाम एक अनोखा वैश्विक रिकॉर्ड दर्ज है। वे दुनिया की पहली ऐसी मास्टरशेफ विजेता हैं, जिनके नाम पर आधिकारिक 'मास्टरशेफ कुकबुक' जारी की गई थी। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य किताबें भी लिखी हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें