कैंसर से जंग हारे मशहूर टीवी एक्टर, 41 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
मलयालम मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर टेलीविजन अभिनेता सिद्धार्थ वेणुगोपाल का निधन हो गया है। उन्हें फैंस प्यार से 'विनीश' भी बुलाते थे। अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने महज 41 वर्ष की उम्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया।
सिद्धार्थ पिछले दो सालों से बीमार चल रहे थे, लेकिन अंततः वे जिंदगी की यह जंग हार गए। सिद्धार्थ के निधन की पुष्टि उनकी मार्गदर्शक और मशहूर अभिनेत्री सीमा जी नायर ने की। सीमा पिछले दो सालों से सिद्धार्थ के इलाज में साये की तरह उनके साथ थीं। उन्होंने फेसबुक पर एक दिल दहला देने वाली पोस्ट साझा की।
सीमा ने लिखा, सारी उम्मीदें खत्म हो गईं... लोकप्रिय सीरियल अभिनेता सिद्धार्थ वेणुगोपाल अब एक दर्द रहित दुनिया में चले गए हैं। पिछले दो सालों से मैं तुम्हारे लिए लड़ती रही, जब मेरा शरीर और मन थक गया था, तब भी तुम्हारी सांसें बचाने के लिए दौड़ती रही। आज ईश्वर ने तय किया कि तुम्हें और तकलीफ नहीं होनी चाहिए। सिद्धार्थ, मैं यह सहन नहीं कर पा रही, मैं पूरी तरह टूट गई हूं।
सिद्धार्थ करीब दो साल पहले कैंसर की चपेट में आए थे। उनके संघर्ष के दिनों में मलयालम टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकार उनके साथ खड़े रहे। सीमा जी नायर ने उनके इलाज के लिए धन जुटाने से लेकर अस्पताल की भागदौड़ तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सिद्धार्थ वेणुगोपाल का जन्म त्रिशूर के चालाकुडी में हुआ था। कॉलेज के दिनों से ही उन्हें अभिनय और कला का गहरा शौक था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक प्रजेंटर के रूप में की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान टेलीविजन धारावाहिकों से मिली।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें