एक्सीडेंट के बाद बदल गई थीं महिमा चौधरी की पूरी जिंदगी, हाथ से निकल गई थी कई फिल्में
बॉलीवुड एक्ट्रेस महिमा चौधरी जल्द ही फिल्म 'दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म से वह काफी समय बाद पर्दे पर कमबैक कर रही हैं। फिल्म में महिमा के साथ संजय मिश्रा अहम किरदार में हैं। महिमा 90 के दशक की फेमस एक्ट्रेस में से एक हैं, लेकिन एक हादसे में उनकी पूरी जिंदगी बदल गईं।
साल 1999 फिल्म 'दिल क्या करे' के दौरान, महिमा चौधरी की कार का एक्सीडेंट हो गया था जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनके शरीर में 67 कांच के टुकड़े घुस गए थे। इस हादसे के बाद महिमा चौधरी काफी समय तक लाइमलाइट से पूरी तरह दूर हो गई थीं।
हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान महिमा चौधरी ने अपनी जिंदगी की उन मुश्किलों के बारे में बताया, जिनसे जूझकर वह एक बार फिर पर्दे पर लौट आई हैं। सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में एक्ट्रेस ने कहा, बहुत सारी चुनौतियां रहीं, मेरी पहली ही फिल्म के बाद मुझे लीगल मामलों में घसीटा गया। मुझे बहुत सारी फिल्मों से निकाल दिया गया, क्योंकि लोग कहते थे कि मैं मुक्ता आर्ट्स के साथ कॉन्ट्रैक्ट में हूं जो बिलकुल झूठ था।
महिमा ने कहा, फिर मेरा एक्सीडेंट हो गया, घर बैठी रही। चेहरे में कांच के 67 टुकड़े धंस गए थे, जिन्हें माइक्रोस्कोप के नीचे खुरचकर निकाला गया। अगले दिन मुंह और ज्यादा सूज गया और शक्ल बिगड़ गई। मेरे दोस्त मेरे चेहरे की चोट देखकर हंस रहे थे, उन्हें लगा कि किसी से लड़ाई हुई है और मैं झूठ बोल रही हूं।
एक्ट्रेस ने कहा, बहुत मुश्किल समय था। फिर मैंने छोटे-मोटे रोल करने शुरू किए, वो सारी फिल्में हिट हो गईं, चाहे मैं सिर्फ एक गाना ही कर रही होती। फिर लोग मुझे सिर्फ एक गाने के लिए ऑफर देने लगे, मैंने मना कर दिया। मुझे लकी मस्कट कहने लगे, लेकिन मैं इससे ज्यादा कुछ करना चाहती थी। फिर मैं वापस आई, प्रियदर्शन, राज कुमार संतोषी, लज्जा वगैरह के साथ फिल्में कीं।