इंटरनेट मूवी डेटाबेस (IMDb) हर हफ्ते दुनिया भर यूजर्स के सर्च और प्रोफाइल विजिट के आधार पर 'मोस्ट पॉपुलर इंडियन सेलिब्रिटीज' की लिस्ट जारी करता है। आमतौर पर इस लिस्ट के शीर्ष पर वही सुपरस्टार्स नजर आते हैं जिनकी बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होती हैं या जो किसी बड़े विवाद में होते हैं।
लेकिन इस हफ्ते आईएमडीबी इंडिया की टॉप 30 लिस्ट ने हर किसी को हैरान कर दिया है। एक ऐसे अभिनेता ने नंबर वन का पायदान हासिल किया है, जिसे लोग अब तक महज एक बाल कलाकार समझ रहे थे। एक बाल कलाकार ने ऐश्वर्या राय, थलपति विजय और जूनियर एनटीआर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
हम बात कर रहे हैं अभिनेता युद्धवीर अहलावत की, जिन्होंने आईएमडीबी की ताजा रैंकिंग में ग्लोबल सुपरस्टार शाहरुख खान, कांन फिल्म फेस्टिवल में चर्चा बटोरने वाली ऐश्वर्या राय बच्चन (नंबर 3), तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री व अभिनेता थलपति विजय (नंबर 4) और जूनियर एनटीआर (नंबर 24) जैसे दिग्गजों को पछाड़ा है।
नेटफ्लिक्स की फिल्म 'कर्तव्य' से मिला बड़ा ब्रेक
युद्धवीर अहलावत की इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुई क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'कर्तव्य' है। 15 मई को रिलीज हुई इस फिल्म में सैफ अली खान एक पुलिस अधिकारी की मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में युद्धवीर ने 'हरपाल' नाम के एक 14 साल के असहाय और प्रताड़ित लड़के का किरदार निभाया है, जिसे आपराधिक साजिश के तहत मर्डर करने के लिए उकसाया जाता है। सैफ का किरदार उसी बच्चे को बचाने की जद्दोजहद करता दिखता है।
फिल्म में युद्धवीर के अभिनय, उनके चेहरे की मासूमियत और दर्द को आलोचकों और दर्शकों ने समान रूप से सराहा। 'कर्तव्य' के रिलीज होते ही इंटरनेट पर इस चाइल्ड एक्टर के बारे में जानने की होड़ मच गई, जिससे उनके आईएमडीबी प्रोफाइल पर ट्रैफिक रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ गया।
उम्र का हैरान करने वाला सच
युद्धवीर की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही एक ऐसा सच सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर सबको हैरान कर दिया। फिल्म में जिस लड़के को दर्शक 14 साल का बच्चा समझ रहे थे, वह असल जिंदगी में 33 साल के एक परिपक्व अभिनेता हैं। मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के शेरिया गांव के रहने वाले युद्धवीर के पिता BSF में रह चुके हैं।
युद्धवीर ने अपने पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनके बड़े भाईयों की लंबाई 6 फीट से अधिक है, जबकि उनकी लंबाई थोड़ी कम रह गई और उनके चेहरे की बनावट हमेशा से बहुत मासूम रही है। इसी चाइल्ड लाइक लुक के कारण लोग अक्सर उन्हें नाबालिग समझ लेते हैं, और यही उनकी सबसे बड़ी यूएसपी बन गई, जिसके दम पर वह स्क्रीन पर छोटे बच्चों के किरदार बेहद जीवंतता के साथ निभा लेते हैं।
थिएटर का लंबा अनुभव और फिल्मी सफर
युद्धवीर भले ही आम दर्शकों के लिए एक नया चेहरा हों, लेकिन वह मनोरंजन उद्योग में लगभग एक दशक से सक्रिय हैं। उन्होंने मशहूर निर्देशक फिरोज अब्बास खान के भव्य अंतरराष्ट्रीय स्टेज शो 'मुगल-ए-आजम: द म्यूजिकल' में काम किया है और देश-विदेश के कई मंचों पर अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है।
सिनेमा की दुनिया में उन्होंने साल 2019 में आई फिल्म 'सांड की आंख' से कदम रखा था, जिसमें उन्होंने चंद्रो तोमर के बेटे की भूमिका निभाई थी। उस समय वह 28 वर्ष के थे, लेकिन दर्शकों ने उन्हें बाल कलाकार ही समझा था। इसके अलावा वह रणबीर कपूर की 'शमशेरा', बॉबी देओल और विक्रांत मैसी स्टारर 'लव हॉस्टल' और वेब सीरीज 'को-एड' में भी नजर आ चुके हैं।