1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. kangana ranaut queen 2 legal controversy phantom studios 250 crore lawsuit bombay high court

कंगना रनौत की 'क्वीन 2' विवादों में, फैंटम स्टूडियोज ने ठोका 250 करोड़ का दावा

Queen 2 legal controversy
बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'क्वीन 2' एक बड़े कानूनी संकट में फंस गई है। 2014 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'क्वीन' के मेकर्स, फैंटम स्टूडियोज ने इस फिल्म के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और 250 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है।
 
फैंटम स्टूडियोज का आरोप है कि 2014 में फिल्म 'क्वीन' के निर्माण के दौरान एक कानूनी समझौता हुआ था। इस समझौते के अनुसार, फिल्म के किसी भी सीक्वल, प्रीक्वल या डेरिवेटिव काम पर फैंटम स्टूडियोज और जियोस्टार का समान रूप से यानी 50-50% अधिकार होगा। स्टूडियो का दावा है कि उन्होंने इस नई फिल्म के लिए कोई सहमति नहीं दी है, बावजूद इसके इसे बनाया जा रहा है।
फैंटम स्टूडियोज ने आरोप लगाया है कि वे मई 2025 से ही जियोस्टार के साथ इस मामले पर बातचीत करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हारकर उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा।
 
जियोस्टार का पलटवार
दूसरी ओर, जियोस्टार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह फिल्म न तो सीक्वल है और न ही प्रीक्वल। उनके आधिकारिक बयान के अनुसार यह एक स्वतंत्र फिल्म है। इसका 2014 की फिल्म 'Queen' की कहानी, किरदारों या रचनात्मक पक्ष से कोई लेना-देना नहीं है।
 
जियोस्टार का तर्क है कि 'क्वीन' एक सामान्य अंग्रेजी शब्द है और कोई भी इस पर एकाधिकार का दावा नहीं कर सकता। दिलचस्प बात यह है कि इस नई फिल्म में भी कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं और निर्देशन की कमान विकास बहल के हाथों में है—वही टीम, जिसने मूल फिल्म 'Queen' बनाई थी। 
फैंटम स्टूडियोज का तर्क है कि फिल्म के नाम में 'क्वीन' का इस्तेमाल करना और पुरानी टीम को वापस लाना दर्शकों को भ्रमित करने की एक रणनीति है, जो मूल फिल्म की 'कल्ट क्लासिक' छवि का फायदा उठाने की कोशिश है।
 
फिलहाल, बॉम्बे हाईकोर्ट में यह मामला लिस्टेड है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन इस कानूनी लड़ाई ने इसकी रिलीज पर तलवार लटका दी है। यदि कोर्ट को यह लगता है कि यह फिल्म वास्तव में पुरानी फिल्म के बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन है, तो निर्माताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
जकार्ता में पीएम मोदी ने किया 'कुछ कुछ होता है' का जिक्र, करण जौहर हुए भावुक