भारत भाग्य विधाता: 26/11 के रियल हीरोज की कहानी लेकर आ रही हैं कंगना रनौट, नर्स के रूप में पहला लुक आउट
बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौट सांसद बनने के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी आने वाली मच-अवेटेड फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का पहला मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में कंगना एक बेहद गंभीर और निडर किरदार में नजर आ रही हैं।
पोस्टर में कंगना के चेहरे पर चोट के निशान और खून की बूंदें साफ देखी जा सकती हैं, जो किसी बड़े संकट की ओर इशारा कर रही हैं। फिल्म में वह एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं, जो खुद को जोखिम में डालकर अपने मरीजों की रक्षा करती हैं।
कंगना ने सोशल मीडिया पर इस मोशन पोस्टर को एक बेहद खूबसूरत और दिल को छू लेने वाले कैप्शन के साथ साझा किया है। उन्होंने लिखा, 'कुछ खास करके, आम ही कहलाते। वह दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते.. BharatBhhagyaViddhaata #TheUnseenHeroes.'
क्या है 'भारत भाग्य विधाता' की कहानी?
यह फिल्म पूरी तरह से सच्ची घटनाओं पर आधारित है। फिल्म की कहानी साल 2008 में हुए 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों के उस खौफनाक मंजर को बयां करती है, जिसके बारे में आज भी बहुत कम लोग जानते हैं। जब आतंकियों ने मुंबई के कामा एंड एलब्लेस अस्पताल पर हमला किया था, तब वहां के मेडिकल स्टाफ ने अदम्य साहस का परिचय दिया था।
अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर आतंकवादियों के हथियारों के सामने ढाल बनकर खड़े होने का फैसला किया था। उन्होंने सूझबूझ से काम लेते हुए पूरे अस्पताल की लाइटें बंद कर दी थीं और लगभग 400 मरीजों को सुरक्षित वार्डों में छिपाकर उनकी जान बचाई थी। फिल्म इन्हीं 'अनसंग हीरोज' के त्याग और बलिदान को सलाम करती है।
इस फिल्म का लेखन और निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है। पेन स्टूडियोज के सहयोग से बनी इस फिल्म में कंगना के अलावा हिंदी और मराठी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार नजर आने वाले हैं। फिल्म की मुख्य स्टार कास्ट में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अगाशे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे नाम शामिल हैं।
12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली 'भारत भाग्य विधाता' को बॉक्स ऑफिस पर कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ेगा। इसी दिन इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा', मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर: द साइलेंट सेविअर' और विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' भी रिलीज हो रही हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें