जॉन अब्राहम ने बांद्रा में खरीदा 84 करोड़ रुपये का बंगला, बॉलीवुड स्टार ने जोड़ा मुंबई का नया 'शाही पता'
बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम ने मुंबई के सबसे महंगे और पॉश इलाकों में से एक बांद्रा वेस्ट में करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी खरीदकर सबको चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉन ने स्टैंडर्ड लग्जरी लाइफस्टाइल से आगे बढ़ते हुए बांद्रा के सेंट मार्टिन रोड पर एक आलीशान बंगला खरीदा है, जिसकी कीमत करीब 84 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह डील ऐसे समय हुई है, जब मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में बड़े और खास बंगलों की खरीद-फरोख्त तेजी से बढ़ रही है।
बांद्रा के प्रीमियम इलाके में है नया आशियाना
प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, जॉन अब्राहम का यह नया बंगला बांद्रा वेस्ट के सेंट मार्टिन रोड पर स्थित है। यह इलाका मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित रिहायशी इलाकों में गिना जाता है, जहां कई बड़े कारोबारी और फिल्मी सितारे रहते हैं।
यह प्रॉपर्टी करीब 1,017.60 वर्ग मीटर के प्लॉट पर बनी हुई है। इसमें एक मौजूदा बंगला शामिल है, जिसका बिल्ट-अप एरिया करीब 193.12 वर्ग मीटर है। इसके अलावा यहां करीब 31.50 वर्ग मीटर का एक आउटहाउस भी मौजूद है।
84 करोड़ रुपये की डील, स्टांप ड्यूटी में दिए 5.04 करोड़ रुपये
दस्तावेजों के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 14 जुलाई 2026 को पूरी हुई। जॉन अब्राहम ने इस बंगले को खरीदने के लिए कुल 84 करोड़ रुपये का भुगतान किया। इस सौदे को पूरा करने के लिए उन्होंने करीब 5.04 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी भी चुकाई।
यह फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी जॉन अब्राहम ने नौशीर इरुच डिविट्रे, फ्रेडोन इरुच डिविट्रे, क्रिस्टल फिरोज डिविट्रे और इरुच फिरोज डिविट्रे से खरीदी है। हालांकि, इस डील को लेकर अभिनेता या विक्रेता पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पहले भी करोड़ों की प्रॉपर्टी खरीद चुके हैं जॉन
जॉन अब्राहम पिछले कुछ वर्षों से रियल एस्टेट में लगातार निवेश कर रहे हैं। इससे पहले दिसंबर 2023 में उन्होंने मुंबई के खार इलाके में करीब 70.83 करोड़ रुपये का एक लग्जरी बंगला खरीदा था।
वह प्रॉपर्टी लिंकिंग रोड जैसे प्रीमियम इलाके में स्थित थी और करीब 7,722 वर्ग फीट के प्लॉट पर बनी थी। उस डील में भी जॉन ने लगभग 4.24 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया था।
अब बांद्रा का 84 करोड़ रुपये वाला बंगला उनके रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। इस खरीद के साथ जॉन अब्राहम ने मुंबई के सबसे महंगे प्रॉपर्टी मालिकों की लिस्ट में अपनी मौजूदगी और मजबूत कर ली है।
जल्द दिखेंगे नए किरदार में
फिल्मों की बात करें तो जॉन अब्राहम जल्द ही एक बायोपिक फिल्म में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया का किरदार निभाएंगे। यह फिल्म वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के जीवन और करियर से प्रेरित बताई जा रही है।

