1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. jasmine sandlas dehradun concert barricade collapse video viral
Last Modified: गुरुवार, 21 मई 2026 (15:29 IST)

जैस्मीन सैंडलस के देहरादून कॉन्सर्ट में हुआ हादसा, बैरिकेडिंग टूटने से मची अफरा-तफरी

Jasmine Sandlas concert Dehradun
'धुरंधर' मूवी सिंगर जैस्मीन सैंडलस इन दिनों अपने गानों और लाइव परफॉर्मेंस को लेकर छाई हुई हैं। जैस्मीन एक के बाद एक कई कॉन्सर्ट कर रही हैं। हाल ही में जैस्मीन सैंडलस उत्तराखंड के देहरादून में एक लाइव शो के लिए पहुंचीं, जहां उन्हें देखने और सुनने के लिए हजारों फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी।
 
लेकिन जैस्मीन सैंडलस के इस कॉन्सर्ट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक दर्शकों के सामने लगी बैरिकेडिंग टूट गई। इस वजह से कई फैंस भी गिर गए। यह घटना उस वक्त हुई जब सिंगर मंच पर परफॉर्म कर रही थीं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं फ्रंट रो में मौजूद थे।
 
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, जैसे ही बैरिकेड का एक हिस्सा गिरा, सामने खड़े कई दर्शकों का संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े। कुछ सेकंड के भीतर ही माहौल में हड़कंप मच गया। भीड़ के दबाव और अचानक हुए इस हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को घबरा दिया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जैस्मिन सैंडलस ने तुरंत अपनी परफॉर्मेंस रोक दी। उन्होंने स्टेज से ही स्थिति पर नजर रखते हुए अपनी टीम को हस्तक्षेप करने के लिए कहा। वायरल वीडियो में वह बार-बार अपनी इंटरनल टीम को बुलाते हुए नजर आ रही हैं। 
 
इतना ही नहीं जैस्मीन सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठाती हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति को शांत तरीके से संभाला जा सकता है और जरूरत से ज्यादा आक्रामकता से बचना चाहिए। उनकी इस प्रतिक्रिया ने न केवल हालात को काबू में लाने में मदद की, बल्कि दर्शकों के बीच भी भरोसा कायम किया। कुछ ही मिनटों में आयोजन टीम और जैस्मीन की टीम ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। 
 
हालात सामान्य होने के बाद जैस्मीन ने दोबारा अपना परफॉर्मेंस शुरू किया। उन्होंने माहौल को हल्का करने के लिए दर्शकों से मजाकिया अंदाज में बात की और कहा कि देहरादून में उनका यह पहला दौरा है और लोगों का उत्साह देखकर वह खुश हैं, लेकिन ऐसे आयोजनों में मजबूत बैरिकेडिंग बेहद जरूरी है।
 
कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने अपने कई लोकप्रिय गाने पेश किए। इसके अलावा उन्होंने कुछ भावुक गाने भी गाए, जिनसे दर्शकों के साथ उनका कनेक्शन और मजबूत हुआ। कार्यक्रम के अंत तक माहौल फिर से सामान्य और उत्साहपूर्ण हो गया।
 
पंजाबी और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग आवाज और बेबाक अंदाज़ के लिए पहचानी जाने वाली जैस्मीन सैंडलस आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। जैस्मीन सैंडलास का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था। बचपन में ही उनका परिवार अमेरिका के कैलिफोर्निया शिफ्ट हो गया। जैस्मीन का पहला गाना Muskan था, जिसने उन्हें शुरुआती पहचान दिलाई।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
शाहरुख खान की 'किंग' के सेट पर भारी सुरक्षा, AI फैन एडिट के वायरल होने से मेकर्स की बढ़ी टेंशन