1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. jasmin bhasin hospitalized in dubai after serious infection aly goni shares health update

दुबई में बर्थडे मनाने गई जैस्मिन भसीन अस्पताल में भर्ती, बॉयफ्रेंड अली गोनी ने दिया हेल्थ अपडेट

Jasmin Bhasin Hospitalized
जैस्मिन भसीन और अली गोनी को लेकर एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। जैस्मिन भसीन, जो हाल ही में अपना जन्मदिन मनाने के लिए अली गोनी के साथ दुबई गई थीं, वहां अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गईं। हालत बिगड़ने के कारण उन्हें आनन-फानन में दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। 
 
इस अचानक आई मेडिकल इमरजेंसी के कारण जैस्मिन भसीन के जन्मदिन का जश्न अस्पताल के कमरे में बदल गया। बॉयफ्रेंड अली गोनी ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी साझा की है, जिसके बाद से ही फैंस और टीवी इंडस्ट्री के सितारे जैस्मिन के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अली बोले- 'किस्मत को कुछ और मंजूर था'
28 जून को जैस्मिन भसीन का जन्मदिन था। इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए अली गोनी उन्हें दुबई लेकर गए थे। लेकिन वहां पहुंचते ही जैस्मिन एक गंभीर इन्फेक्शन की चपेट में आ गईं।
 
अली गोनी ने इंस्टाग्राम पर जैस्मिन के साथ अस्पताल के बेड से एक तस्वीर साझा की, जिसमें जैस्मिन बेहद कमजोर नजर आ रही हैं और अली का हाथ थामे हुए हैं। अस्पताल के कमरे में ही अली ने जैस्मिन का हौसला बढ़ाने के लिए केक भी काटा।
 
अली ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, हैप्पी हैप्पी बर्थडे, जैस्मिन भसीन। हम यहां तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन जिंदगी की कुछ और ही प्लानिंग थी। बर्थडे की खूबसूरत यादें बनाने की जगह आज हम अस्पताल के एक कमरे में हैं। तुम्हें इस दर्द में देखना इस पूरी ट्रिप का सबसे मुश्किल और तकलीफदेह हिस्सा रहा है। तुम्हें फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए मैं दुनिया का हर जश्न छोड़ सकता हूं। अल्लाह तुम्हें ढेर सारी खुशियां, अच्छी सेहत और कामयाबी दे। बस तुम जल्दी ठीक हो जाओ, आज मेरे दिल में यही एकमात्र बर्थडे विश है। लव यू, हमेशा।
 
अली ने दी हेल्थ अपडेट
जैसे ही जैस्मिन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैली, सोशल मीडिया पर फैंस और करीबियों के कॉल्स और मैसेजेस की बाढ़ आ गई। इस पर अली गोनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक और विस्तृत नोट साझा कर सभी का शुक्रिया अदा किया और स्थिति स्पष्ट की।
 
अली ने लिखा, जो लोग भी मुझे मैसेज और कॉल कर रहे हैं, उन सभी के लिए एक संदेश! आप सभी के प्यार, प्रार्थनाओं और संदेशों के लिए शुक्रिया। हम दुबई जैस्मिन का जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन अचानक वह बहुत बीमार हो गईं और गंभीर संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पिछले कुछ दिन हमारे लिए बेहद कठिन और भावनात्मक रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, अगर मैं आपके कॉल या मैसेज का जवाब नहीं दे पा रहा हूं, तो मुझे माफ कीजिएगा। इस समय मेरा पूरा ध्यान उनके साथ रहने पर है। उन्हें अस्पताल में बेहतरीन मेडिकल केयर मिल रही है और वह धीरे-धीरे रिकवर हो रही हैं। कृपया उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें। इंशाअल्लाह, वह बहुत जल्द मुस्कुराते हुए वापस लौटेंगी।
 
जैस्मिन की बीमारी की खबर सुनते ही टीवी इंडस्ट्री के उनके तमाम दोस्तों ने उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है। भारती सिंह, राहुल वैद्य, रुबीना दिलैक, दिव्यांका त्रिपाठी और रोशेल राव समेत कई सेलिब्रिटीज ने अली की पोस्ट पर कमेंट कर जैस्मिन के स्पीडी रिकवरी की कामना की है।
 
अली गोनी और जैस्मिन भसीन की लव स्टोरी टेलीविजन की सबसे खूबसूरत कहानियों में से एक है। दोनों की पहली मुलाकात 2018 में मुलाकात रोहित शेट्टी के स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 9' के दौरान अर्जेंटीना में हुई थी। वहां दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई।
 
इसके बाद साल 2020 में दोनों 'बिग बॉस 14' के घर में नजर आए। इसी शो के दौरान दोनों को एहसास हुआ कि उनका रिश्ता सिर्फ दोस्ती तक सीमित नहीं है। नेशनल टेलीविजन पर दोनों ने अपने प्यार का इजहार किया। बिग बॉस से बाहर आने के बाद से ही दोनों पिछले कई सालों से लिव इन में साथ रह रहे हैं और अक्सर अपनी वेकेशन की खूबसूरत तस्वीरें फैंस के साथ साझा करते रहते हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा, या मैं', दर्द और एक्शन से भरा इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' का टीजर रिलीज