1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. janhvi kapoor peddi movie role criticism male gaze debate buchi babu sana apology

'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के किरदार को लेकर मचा बवाल, डायरेक्टर को मांगनी पड़ी माफी, फिल्म में होगा बदलाव

Janhvi Kapoor Peddi controversy
साउथ सुपरस्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर की हालिया रिलीज फिल्म 'पेड्डी' को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने महज दो दिनों में दुनिया भर में 150 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रॉस कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। 
 
लेकिन इस शानदार सफलता के बीच, फिल्म एक बेहद गंभीर विवाद के केंद्र में आ गई है। फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार के फिल्मांकन और कुछ दृश्यों में सहमति की अनदेखी को लेकर दर्शकों और समीक्षकों ने कड़ी आपत्ति जताई है। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए फिल्म के निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने अब एक आधिकारिक बयान जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है और थिएटर में चल रही फिल्म में बदलाव करने का एलान किया है।
जाह्नवी कपूर के किरदार पर क्यों भड़के दर्शक?
'पेड्डी' को रिलीज से पहले एक मिट्टी से जुड़ी और गांव के हक की लड़ाई लड़ने वाले क्रिकेटर की इमोशनल स्पोर्ट्स जर्नी के रूप में प्रमोट किया गया था। फिल्म का दूसरा हाफ दर्शकों को काफी प्रभावित भी कर रहा है, लेकिन फिल्म का पहला हाफ और उसमें दिखाया गया लव-ट्रैक विवाद की मुख्य वजह बन गया है।
 
दर्शकों का आरोप है कि जाह्नवी कपूर द्वारा निभाए गए 'अछियम्मा' के किरदार को स्क्रीन पर केवल 'मेल गेज' यानी पुरुष प्रधान दृष्टिकोण को संतुष्ट करने के लिए पेश किया गया। फिल्म में उनकी एंट्री से लेकर कई गानों और दृश्यों में कैमरे का फोकस कहानी से ज्यादा उनके शरीर के क्लोज-अप्स पर रहा।
 
इसके अलावा, फिल्म के एक सीन में राम चरण का किरदार 'पेड्डी' अपने दोस्तों से कहता है कि वह अछियम्मा को उसकी मर्जी के बिना छुएगा। एक दृश्य में पावर कट का फायदा उठाकर नायक, नायिका की मर्जी और विरोध के खिलाफ उसे किस कर लेता है। आधुनिक दर्शकों, विशेषकर महिला दर्शकों ने इसे 'रोमांस' के नाम पर उत्पीड़न और छेड़छाड़ को बढ़ावा देने वाला बताया है।
 
डायरेक्टर बुच्ची बाबू सना ने जारी किया माफीनामा
सोशल मीडिया पर फिल्म के दृश्यों को लेकर एकतरफा आलोचना देखने को मिली। इसके बाद निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा, एक फिल्म निर्माता के रूप में, मेरा मानना है कि सिनेमा को मनोरंजन, प्रेरणा और दर्शकों से जुड़ना चाहिए। इसे कभी भी किसी को असहज या अपमानित महसूस नहीं कराना चाहिए। हमने 'पेड्डी' के कुछ दृश्यों को लेकर मिल रही प्रतिक्रियाओं को सुना है और इसे बेहद गंभीरता से लिया है।
उन्होंने आगे लिखा, मेरा महिलाओं के प्रति हमेशा से बहुत सम्मान रहा है, चाहे वह स्क्रीन पर हो या असल जिंदगी में। किसी भी महिला किरदार को वस्तु की तरह पेश करने या उसका अनादर करने का हमारा कोई इरादा नहीं था। यदि फिल्म के किसी भी हिस्से से ऐसी भावना आहत हुई है, तो हम उन चिंताओं को समझते हैं और ईमानदारी से माफी मांगते हैं। फीडबैक की समीक्षा करने के बाद, हमने संबंधित हिस्सों में बदलाव करने का फैसला किया है। सिनेमा दर्शकों से जुड़कर ही बड़ा होता है, और कहानीकारों के रूप में हमारी जिम्मेदारी है कि हम बदलते दृष्टिकोण और संवेदनशीलता के प्रति सचेत रहें।
 
क्या है फिल्म में जाह्नवी का रोल 
'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर अछियम्मा का रोल निभा रही हैं, जो ऐक पॉलिटिशयन की बेटी हैं। फिल्म में राम चरण को उनकी कमर देखकर उससे प्यार हो जाता है। वो लडूकी को बिना उसकी इजाजत के किस भी करते हैं। 
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'वाराणसी' में दिखेगा महायुद्ध, भगवान राम और कुंभकर्ण के बीच होगा 30 मिनट का ऐतिहासिक टकराव!