शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. janhvi kapoor off the rocks campaign alcohol addiction awareness mental health
Last Modified: रविवार, 5 अप्रैल 2026 (13:15 IST)

जाह्नवी कपूर ने शराब की लत पर उठाई आवाज, Off the Rocks से शुरू की जागरूकता मुहिम

Janhvi Kapoor Off the Rocks campaign
बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर ने हाल ही में शराब से जुड़े एक अहम मुद्दे पर लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि आजकल सोशल सर्कल में शराब पीना आम बात हो गई है, लेकिन इसके गंभीर परिणाम पर बहुत कम लोग ध्यान देते हैं। दरअसल होता यह है कि बहुत कम लोग समझते हैं कि कब यह आदत एक गंभीर समस्या बन जाती है। 
 
जाह्नवी ने बताया कि हालांकि शराब की लत एक मेडिकल कंडीशन है, जिसमें दिमाग, व्यवहार और भावनाओं पर असर पड़ता है। विशेष रूप से हमारे देश में कई लोग इससे प्रभावित हैं, लेकिन फिर भी इसे सही तरीके से समझा और इलाज नहीं किया जाता।
 
अक्सर लोग इस समस्या को पहचान ही नहीं पाते और न ही उन्हें सही समय पर सही मदद मिल पाती है। इसके अलावा समाज में भी इसे या तो नजरअंदाज कर दिया जाता है या इसे सिर्फ इच्छाशक्ति की कमी मान ली जाती है।
 
फिलहाल इसी सोच को बदलने के लिए जाह्नवी कपूर ने ऑफ़ द रॉक्स (Off the Rocks) नाम की एक जागरूक पहल की शुरूआत की है, जिसका मकसद लोगों को यह समझाना है कि शराब की लत एक इलाज योग्य मानसिक स्वास्थ्य समस्या है, और इसके लिए मदद लेना बेहद जरूरी है।
 
इस विषय में जाह्नवी कपूर कहती हैं, शराब को लेकर बातचीत या तो होती ही नहीं है, या फिर बहुत जजमेंट के साथ होती है। इससे उन लोगों को मदद ही नहीं मिल पाती, जिन्हें सच में इसकी जरूरत है। ऐसे में ऑफ़ द रॉक्स का मकसद लोगों को यह समझाना है कि यह एक गंभीर समस्या है और इसका इलाज संभव है।
 
गौरतलब है कि जाह्नवी कपूर ने इस जागरूक पहल को मजबूत बनाने के लिए अमाहा (Amaha) के साथ साझेदारी की है। Amaha एक जानी-मानी मानसिक स्वास्थ्य संस्था है, जो लोगों को क्लिनिकल के साथ भरोसेमंद इलाज उपलब्ध कराती है।
 
इस संदर्भ में Amaha के फाउंडर और सीईओ डॉक्टर अमित मलिक कहते हैं, लत चाहे कोई भी हो, ये एक गंभीर मानसिक स्वास्थ्य स्थिति है, लेकिन अफ़सोस की बात यह है कि इसे अक्सर गलत समझ लिया जाता है। ऐसे में हम उम्मीद करते हैं कि ऑफ़ द रॉक्स जैसी पहल से लोगों में न सिर्फ जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि उन्हें सही मदद भी मिलेगी।
 
Amaha द्वारा शुरू हुई यह पहल लंबे समय तक चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें एक्सपर्ट्स की राय, लोगों के अनुभव और आसान जानकारी के जरिए यह समझाया जाएगा कि शराब की लत क्या होती है और इससे कैसे निपटा जा सकता है। इसका मुख्य उद्देश्य है लोगों में समझ बढ़ाना, शर्म और डर को कम करना और सही इलाज तक आसानी से पहुँच बनाना।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
रश्मिका मंदाना के जन्मदिन पर फैंस को मिला गिफ्ट, 'मायसा' से सामने आया जरबदस्त लुक