जैस्मिन सैंडलस ने खोला 'जाइए सजना' गाने का राज, रिलीज से चंद घंटे पहले हुआ था तैयार
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आई है। फिल्म की इंटेंस कहानी और कलाकारों की दमदार एक्टिंग के साथ-साथ, इसका म्यूजिक एल्बम लोगों की पहली पसंद बन चुका है। म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेवा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह 'साउंड' के जादूगर हैं।
फिल्म का सबसे लोकप्रिय ट्रैक 'जाइए सजना' इस वक्त हर किसी की प्लेलिस्ट और इंस्टाग्राम रील्स पर छाया हुआ है। इस गाने को जैस्मिन सैंडल और सतिंदर सरताज ने गाया है। सतिंदर सरताज ने गाने में मात्र एक लाइन गाई है, जो लोगों के दिलो में घर कर गई।
हाल ही में जैस्मिन सैंडलस ने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में इस गाने से जुड़ी एक चौंकाने वाली कहानी साझा की। जैस्मिन ने बताया कि जिस गाने को आज पूरी दुनिया लूप पर सुन रही है, वह फिल्म की रिलीज और म्यूजिक एल्बम लॉन्च से ठीक एक दिन पहले बना था।
जैस्मिन ने कहा, मैं सुबह 4 बजे शाश्वत सचदेवा के साथ स्टूडियो में थी। हम गाना लिख रहे थे और रिकॉर्ड कर रहे थे, जबकि उसी दिन एल्बम लॉन्च होना था। जिस दिन हमने स्टेज पर इसे पहली बार परफॉर्म किया, उसी दिन हमने इसे फाइनल टच दिया था।
जैस्मिन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि आखिरी वक्त पर बना यह गाना लोगों के दिलों में इतना गहरा उतर जाएगा। आज दुनियाभर के इंडियंस इस गाने पर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
अकेलेपन और धोखे की दास्तां है 'जाइए सजना'
फिल्म के प्लॉट में यह गाना उस समय आता है जब हमजा (रणवीर सिंह) अपने करीबी साथी आलम को मौत के घाट उतार देता है। एक चाय की दुकान पर बैठकर जब हमजा अपने दोस्त के जाने का शोक मनाता है, तब बैकग्राउंड में जैस्मिन और सतिंदर सरताज की रूहानी आवाजें उस सीन के दर्द को दोगुना कर देती हैं।
जैस्मिन सैंडलस: पंजाबी लोक से बॉलीवुड तक का सफर
जैस्मिन सैंडलस आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। जालंधर में जन्मी और कैलिफोर्निया में पली-बढ़ी जैस्मिन ने 2014 में फिल्म 'किक' के गाने 'यार ना मिले' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्होंने 'गुलाबी', 'बम्ब आगया' और 'सिप-सिप' जैसे कई हिट गाने दिए हैं।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' की बादशाहत
रणवीर सिंह, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 1,000 करोड़ रुपए से अधिक का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म की सफलता में शाश्वत सचदेवा के बैकग्राउंड स्कोर और गानों का बहुत बड़ा हाथ है। 'जाइए सजना' के अलावा 'आरी आरी' और टाइटल ट्रैक भी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं।