सम्बंधित जानकारी
- '3 इडियट्स' के सीक्वल पर बड़ा अपडेट, राजकुमार हिरानी ने खोला कहानी का राज
- स्टारडम के पीक पर सादगी की मिसाल: ऋषिकेश में फुटपाथ पर चादर बिछाकर सो गए सुनील ग्रोवर, देखिए वीडियो
- एक रील के 76 लाख रुपए लेते हैं ओरी, शादी-बर्थडे पार्टी में बुलाने के इतने रुपए करते हैं चार्ज
- मानवी गगरू ने खोली इंडस्ट्री की पोल, बताया करियर की शुरुआत में मिला था '1 लाख रुपए+कॉम्प्रोमाइज' का ऑफर
- 21 साल की हुईं सारा अर्जुन, विज्ञापन की दुनिया से शुरू हुआ था सफर
क्या एंटी-नेशनल है इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा'? एआर रहमान ने दिया रिएक्शन
सिनेमा में जब भी इंसानी जज्बातों, रूहानी इश्क और मुसाफिरों की रूह को टटोलने की बात आती है, तो जेहन में पहला नाम निर्देशक इम्तियाज अली का आता है। उनकी पीरियड रोमांस ड्रामा फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इन दिनों दर्शकों के दिलों को झकझोर रही है।
1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी और अधूरी ख्वाहिशों पर बुनी गई यह कहानी जहां सिनेमाघरों में लोगों को रोने पर मजबूर कर रही है, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक अनोखा विवाद भी खड़ा हो गया है। इस फिल्म को सोशल मीडिया के एक धड़े द्वारा 'एंटी-नेशनल' (देश-विरोधी) कहा जा रहा है।
इस गंभीर आरोप पर ऑस्कर विजेता दिग्गज संगीतकार एआर रहमान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ऐसा मजेदार रिएक्शन दिया है, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, 'मैं वापस आऊंगा' की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर लगातार चर्चाएं गर्म हैं। इसी बीच, एआर रहमान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरी पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया।
इस वायरल पोस्ट में फिल्म के पोस्टर के साथ तंज कसते हुए लिखा था, "एंटी-नेशनल? पाकिस्तान को बिना आतंकवादियों और सीक्रेट एजेंटों के दिखाया गया है।"
एआर रहमान ने इस गंभीर आरोप का जवाब किसी लंबे-चौड़े बयान से नहीं, बल्कि बेहद कूल अंदाज में सिर्फ एक 'हंसने वाला इमोजी' शेयर करके दिया। रहमान का यह बेबाक और मजाकिया अंदाज उनके फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।
सोशल मीडिया पर फैंस इस स्क्रीनशॉट को जमकर शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'सही बात है, आज के दौर में जब तक फिल्मों में पाकिस्तान को सिर्फ दुश्मन की तरह न दिखाया जाए, तब तक कुछ लोगों को उसमें देशभक्ति नजर नहीं आती!'
सरहद पार पाकिस्तान से भी मिल रही है सराहना
विभाजन के मानवीय और भावनात्मक पहलू को उजागर करने वाली यह फिल्म सिर्फ भारतीय दर्शकों को ही नहीं, बल्कि सीमा पार के लोगों को भी बेहद पसंद आ रही है। हाल ही में पाकिस्तान के जाने-माने फीचर और विज्ञापन फिल्म निर्देशक उमर नासिर अली ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की तारीफ में एक लंबा नोट लिखा।
उमर नासिर अली ने लिखा, 'मैं वापस आऊंगा' एक बेहद खूबसूरत और भावनात्मक फिल्म है, जो खत्म होने के बाद भी आपके जेहन से नहीं निकलती। यह साफ तौर पर इम्तियाज अली का सिनेमा है। नसीरुद्दीन शाह की लाजवाब एक्टिंग और आरती बजाज की सटीक एडिटिंग इसे सिनेमैटिक स्टोरीटेलिंग की एक 'मास्टरक्लास' बनाती है, जिससे हर फिल्म मेकर और स्टूडेंट को सीखना चाहिए।
70 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत भले ही बेहद ठंडी रही हो, लेकिन सिनेमाघरों से निकल रहे दर्शकों की तारीफ ने इसके बिजनेस में जान फूंक दी है। ट्रेड एनालिस्ट 'सैक्निल्क' की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने छठे दिन 1.75 करोड़ रुपए की कमाई की, जो इसके ओपनिंग डे से भी अधिक है।
