1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. imtiaz ali film main wapas aaunga box office 130 percent growth second weekend

'मैं वापस आऊंगा' ने किया कमाल, दूसरे वीकेंड में 130% उछाल, इम्तियाज अली बोले- जनता के प्यार ने बदल दी फिल्म की किस्मत

Main Wapas Aaunga box office collection
इम्तियाज अली की हालिया रिलीज रोमांटिक-पार्टीशन ड्रामा 'मैं वापस आऊंगा' ने सिनेमाघरों में वो कर दिखाया है, जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी। पहले वीकेंड में महज 5.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन करने वाली इस फिल्म ने दूसरे हफ्ते में ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि इसे 'राख से उठ खड़ा हुआ फीनिक्स' कहा जा रहा है। 
 
फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार और शनिवार को कलेक्शन में लगभग 130% का ऐतिहासिक उछाल दर्ज किया है। 12 जून 2026 को रिलीज हुई 'मैं वापस आऊंगा' की शुरुआत बेहद ठंडी रही थी। फिल्म ने अपने पहले दिन (शुक्रवार) को भारत में केवल 1.15 करोड़ रुपएकी बेहद मामूली कमाई की। 
शनिवार को 1.85 करोड़ रुपए और रविवार को 2.50 करोड़ रुपए के साथ पहला वीकेंड 5.50 करोड़ रुपए पर सिमट गया, जिसके बाद ट्रेड एनालिस्ट्स ने इसे फ्लॉप घोषित करना शुरू कर दिया था।
 
लेकिन असली जादू पहले सोमवार से शुरू हुआ। फिल्म ने मंडे टेस्ट में गिरावट दिखाने के बजाय 1.15 करोड़ की स्थिरता बनाए रखी। इसके बाद मंगलवार को 1.65 करोड़, बुधवार को 1.75 करोड़ और गुरुवार 2.25 करोड़ रुपए के साथ फिल्म के कलेक्शन में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। 
 
यह इस बात का साफ संकेत था कि दर्शकों को फिल्म की कहानी और गाने बेहद पसंद आ रहे हैं और 'वर्ड ऑफ माउथ' काम कर रहा है। फिल्म ने अपने नौवें दिन यानी दूसरे शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है।
 
सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने दूसरे शुक्रवार के 1.90 करोड़ रुपए के मुकाबले शनिवार को 4.35 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। यह लगभग 130% की भारी ग्रोथ है। इस शानदार उछाल के साथ फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 18.50 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 22.10 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वहीं ओवरसीज से 10.75 करोड़ की कमाई के साथ, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 32.85 करोड़ के पार हो चुका है।
'कॉकटेल 2' को दी कड़ी टक्कर
इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर शाहिद कपूर और कृति सेनन स्टारर बड़ी फिल्म 'कॉकटेल 2' और हॉलीवुड की 'टॉय स्टोरी 5' रिलीज हुई हैं। इसके बावजूद 'मैं वापस आऊंगा' के क्रेज में कोई कमी नहीं आई। दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए पूरे भारत के मल्टीप्लेक्स चेन्स ने इस फिल्म के शोज और स्क्रीन्स की संख्या बढ़ा दी है।
 
भावुक हुए निर्देशक इम्तियाज अली
इस चमत्कारी टर्नअराउंड से फिल्म के डायरेक्टर इम्तियाज अली बेहद भावुक और खुश हैं। हाल ही में दिल्ली के थिएटर्स में अचानक पहुंचकर दर्शकों को सरप्राइज देने वाले इम्तियाज ने कहा, पहले जिस शुक्रवार को फिल्म रिलीज हुई थी, और आज एक हफ्ते बाद फिर जो शुक्रवार-शनिवार बीता है, कलेक्शन पहले हफ्ते से दोगुने से भी ज्यादा है। यह सब केवल और केवल जनता के प्यार और वर्ड ऑफ माउथ की वजह से मुमकिन हुआ है। यह बहुत ही भारी और भावुक कर देने वाली फीलिंग है। मैं थोड़ा हैरान भी हूं और जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।
 
बिड़ला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, शर्वरी, वेदंग रैना और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां एक 95 वर्षीय बुजुर्ग के स्ट्रोक के बाद उनका पोता उनके अतीत और विभाजन में छूटे देश व प्यार की परतों को खोलता है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
फादर्स डे पर पश्मीना रोशन का इमोशनल पोस्ट, पिता राजेश रोशन के साथ शेयर किया बचपन का वीडियो