पलक तिवारी संग फिल्म देखने पहुंचे इब्राहिम अली खान, पैपराजी को देख एक्ट्रेस को पीछे धकेला, वीडियो वायरल
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान और एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी का नाम कई समय से एक दूसरे के साथ जुड़ रहा है। दोनों को अक्सर साथ में टाइम स्पेंड करते देखा जाता है। हाल ही में दोनों का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में इब्राहिम, पलक को मीडिया के कैमरों से बचाने की पूरी कोशिश करते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी यह 'सीक्रेट प्लानिंग' धरी की धरी रह गई। यह पूरा वाकया मुंबई के पॉश इलाके जुहू स्थित एक पीवीआर थिएटर का बताया जा रहा है।
खबरों के मुताबिक, इब्राहिम और पलक वहां एक साथ फिल्म देखने पहुंचे थे। दोनों को शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि थिएटर के बाहर मीडिया पहले से ही उनका इंतजार कर रही है। जैसे ही फिल्म खत्म हुई और दोनों कॉरिडोर से बाहर निकलने लगे, वैसे ही उनका सामना पैपराजी की भारी भीड़ से हो गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि इब्राहिम फोन पर बात करते हुए आगे बढ़ रहे थे। तभी अचानक उनकी नजर सामने खड़े कैमरों पर पड़ी। पैपराजी को देखते ही इब्राहिम तुरंत पीछे पलटे। इसी दौरान सीढ़ियों से ऊपर आ रहीं पलक तिवारी जैसे ही गेट के अंदर कदम रखती हैं, इब्राहिम उन्हें पीछे की तरफ पूश कर देते हैं ताकि वह कैमरों की नजर में न आ सकें।
इब्राहिम ने पलक को कैमरामैन से बचाने के लिए जो फुर्ती दिखाई, वह काम नहीं आई। दरअसल, कॉरिडोर के सामने ही नहीं, बल्कि पीवीआर के पिछले रास्ते और सीढ़ियों की तरफ भी कुछ पैपराजी मौजूद थे। ऐसे में दोनों भागने की कोशिश में भी रंगे हाथों कैमरे में कैद हो गए। अचानक हुए इस 'सरप्राइज अटैक' से दोनों काफी असहज नजर आए।
जहां इब्राहिम के चेहरे पर घबराहट और थोड़ी झुंझलाहट साफ दिख रही थी, वहीं पलक तिवारी चेहरे पर मास्क लगाए खुद को पूरी तरह छिपाने की कोशिश कर रही थीं। स्थिति को भांपते हुए पलक मीडिया को कोई भी पोज दिए बिना बेहद तेजी से बेसमेंट के रास्ते पार्किंग की तरफ निकल गईं।
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं। नेटिजन्स इस पर जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि जब दोनों अक्सर लंच डेट, डिनर या बॉलीवुड पार्टियों में एक साथ ही स्पॉट किए जाते हैं, तो फिर अचानक इस तरह रिश्ता छिपाने और कैमरे से भागने की क्या जरूरत है? कई लोग इब्राहिम के पलक को पीछे धकेलने वाले अंदाज को लेकर मजेदार मीम्स भी शेयर कर रहे हैं।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इब्राहिम अली खान और पलक तिवारी को इस तरह साथ देखा गया हो। इससे पहले भी कई मौकों पर दोनों की बॉन्डिंग ने लोगों का ध्यान खींचा है। हालांकि, जब भी मीडिया या इंटरव्यूज में दोनों से उनके रिश्ते को लेकर सवाल किया जाता है, तो वे हमेशा एक-दूसरे को 'सिर्फ एक अच्छा दोस्त' ही बताते हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें