हम तुम की रिलीज को 22 साल पूरे, कम सीन्स की वजह से ऋषि कपूर ने ठुकरा दी थी फिल्म
यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी और हिंदी सिनेमा के इतिहास में रोम-कॉम जॉनर को एक नई परिभाषा देने वाली कल्ट क्लासिक फिल्म 'हम तुम' ने अपनी रिलीज के 22 साल पूरे कर लिए हैं। सैफ अली खान, रानी मुखर्जी और दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर के शानदार अभिनय से सजी इस फिल्म को आज भी दर्शक उतने ही चाव से देखते हैं।
कुणाल कोहली के निर्देशन और आदित्य चोपड़ा के निर्माण में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए झंडे गाड़े थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दर्शकों को प्यार और तकरार का अनूठा पाठ पढ़ाने वाली यह फिल्म बनते-बनते रह गई होती, यदि इसके पीछे छिपे कुछ दिलचस्प मोड़ न आए होते?
निर्देशक कुणाल कोहली ने फिल्म के पर्दे के पीछे की कुछ ऐसी अनसुनी कहानियां साझा की थी, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं हैं। कुणाल कोहली ने बताया था कि जब वे 'हम तुम' की स्क्रिप्ट लेकर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के पास पहुंचे, तो उन्होंने फिल्म में काम करने से साफ मना कर दिया था। वजह थी फिल्म में उनका स्क्रीन टाइम। स्क्रिप्ट के अनुसार, पूरी फिल्म में उनके मात्र 7 सीन्स थे।
ऋषि कपूर का मानना था कि वे एक बड़े और स्थापित अभिनेता हैं, इसलिए वे बड़ी और प्रभावशाली भूमिकाएं करना पसंद करते हैं, न कि महज कुछ सीन्स वाले कैमियो। हालांकि, कुणाल कोहली हार मानने वालों में से नहीं थे। उन्होंने ऋषि जी से सिर्फ एक बार पूरी स्क्रिप्ट और किरदार की गहराई को सुनने का आग्रह किया।
जब कुणाल ने उन्हें हर एक सीन लाइन-बाय-लाइन पढ़कर सुनाया, तो ऋषि कपूर किरदार की ताकत को भांप गए। उन्हें समझ आ गया कि ये 7 सीन्स ही पूरी फिल्म की जान हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए अपनी हामी भर दी।
जब सेट पर आपस में भिड़ गए सैफ अली खान और निर्देशक
फिल्म 'हम तुम' की शूटिंग के दौरान का एक और बेहद हैरान करने वाला वाक्या सामने आया था। कुणाल कोहली के करियर की यह दूसरी फिल्म थी और उनकी पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। वहीं दूसरी ओर, सैफ अली खान का करियर भी उस दौर में कुछ खास नहीं चल रहा था और उनकी पिछली कुछ फिल्में फ्लॉप हो चुकी थीं। ऐसे में दोनों पर ही इस फिल्म को हिट कराने का जबरदस्त दबाव था।
इसी तनाव के बीच, शूटिंग के दौरान सेट पर किसी बात को लेकर सैफ अली खान और निर्देशक कुणाल कोहली के बीच तीखी बहस हो गई और बात झगड़े तक पहुंच गई। माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया था। उस वक्त सेट पर ऋषि कपूर मौजूद थे। दोनों को इस तरह लड़ते देख ऋषि जी ने एक 'फादर फिगर' की भूमिका निभाई। उन्होंने सेट पर ही सैफ और कुणाल दोनों को कड़ी डांट लगाई और कहा, "उम्रदराज लोगों की तरह व्यवहार करो, बच्चों की तरह आपस में लड़ना बंद करो।"
ऋषि कपूर की डांट का असर जादू की तरह हुआ। कुणाल कोहली ने समझदारी दिखाते हुए सैफ अली खान से अकेले में बात की। उन्होंने सैफ को समझाया कि यह फिल्म उन दोनों के डूबते करियर को बचाने के लिए कितनी जरूरी है। सैफ अली खान ने भी स्थिति की गंभीरता और कुणाल के विजन को समझा। इसके बाद दोनों के बीच की कड़वाहट हमेशा के लिए खत्म हो गई और वे पक्के दोस्त बन गए। इसके बाद पूरी फिल्म की शूटिंग बिना किसी विवाद के हंसी-खुशी पूरी हुई।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें