'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' के लिए वीर दास ने इस तरह किया आमिर खान को राजी, बताया पूरा किस्सा
आमिर खान प्रोडक्शंस की अपकमिंग फिल्म 'हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म से वीर दास बतौर डायरेक्टर डेब्यू करने जा रहे हैं। इसके साथ ही वह फिल्म में लीड रोल भी निभा रहे हैं। हाल ही में वीर दास ने इस फिल्म को लेकर आमिर खान से खुलकर बात की।
वीर दास ने बताया कि जब कोई सुपरस्टार किसी प्रोजेक्ट पर सच में भरोसा करता है, तो वह किस तरह पूरे दिल से उसका साथ देता है। उस पल को याद करते हुए वीर ने कहा कि आमिर को जिस ऊंचे मुकाम पर रखा जाता है, उसे देखते हुए उनके पास जाना थोड़ा डराने वाला अनुभव था।
वीर ने कहा, वह इतने ऊंचे पायदान पर हैं कि आप उनसे ज़्यादा बातचीत ही नहीं कर पाते। मैंने करीब 10 साल तक आमिर सर से बात नहीं की थी। फिर मैंने उन्हें मैसेज किया और लिखा, आमिर सर, क्या मैं आपको कॉल कर सकता हूँ? उन्होंने जवाब दिया, हां, अभी कॉल करो। और जब उन्होंने फोन उठाया, तो ऐसा लगा जैसे हम हर हफ्ते बात करते हों।
इसके बाद वीर ने यह भी बताया कि उन्होंने कितनी साफगोई से आमिर खान के सामने अपनी फिल्म का आइडिया रखा। उन्होंने कहा, तो मैंने उनसे कहा, सर, मेरे पास एक फिल्म है और मैं चाहता हूं कि आप ही इसे बनाएं। अगर आप इसे नहीं बनाएंगे, तो कोई और भी नहीं बनाएगा। उन्होंने कहा, ठीक है, अगले हफ्ते आकर मुझे नैरेशन दो।
वीर ने कहा, मैंने आज तक कोई ऐसा सुपरस्टार नहीं देखा जो इतना सहज हो और इतनी जल्दी मिलने का वक्त दे दे। मैंने उन्हें नैरेशन दिया और उसके बाद नौ बार और नैरेशन हुए। उनकी सबसे बड़ी चिंता हमेशा स्क्रिप्ट को लेकर होती है। नौ नैरेशन के बाद उन्होंने कहा, थोड़े पैसे लो और पांच सीन शूट करके दिखाओ। मैंने टेस्ट शूट किया और फिर उन्होंने कहा, गो ऑन फ्लोर्स।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस को वीर दास ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में मोना सिंह, शरीब हाशमी और मिथिला पालकर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 16 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।