फेमस हॉलीवुड निर्देशक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल की घर में मिली लाश, शरीर पर मिले चाकू के घाव
हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज निर्देशक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रेनर कैलिफोर्निया के ब्रेंटवुड स्थित अपने घर पर रविवार दोपहर मृत पाए गए हैं। पुलिस ने इस घटना को डबल मर्डर का मामला बताया है।
लॉस एंजिल्स पुलिस डिपार्टमेंट के रॉबरी और मर्डर डिपार्टमेंट के डिटेक्टिव इस मामले की जांच कर रहे हैं। खबरों के अनुसार 14 दिसंबर को दोपहर 3:40 बजे के आसपास चाडबोर्न एवेन्यू स्थित एक घर में मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलने पर क्रू मौके पर पहुंचती थी।
घर के अंदर 78 साल के पुरुष और 68 साल की महिला के शव बरामद हुए। दोनों पीड़ितों के शरीर पर चाकू के घावों जैसे कट के निशान थे। शुरुआत में मृतकों की पहचान गुप्त रखी गई थी, लेकिन टीएमजेड और वैरायटी सहित मीडिया आउटलेट्स ने बताया है कि मृतक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर रेनर हैं।
रॉब रेनर निर्देशक, निर्माता और एक्टर भी थे। उन्हें 1970 के दशक में सिटकॉम 'ऑल इन द फैमिली' में माइकल 'मीटहेड' स्टिविक के किरदार से पहचान मिली थी। इसके लिए उन्हें दो एमी अवॉर्ड से नवाजा गया था। इसके बाद रॉब ने निर्देशन में कदम रखा और दिस इज स्पाइनल टैप, स्टैंड बाय मी, द प्रिंसेस ब्राइड, व्हेन हैरी मेट सैली..., मिजरी और ए फ्यू गुड मेन जैसी फेमस फिल्मों का निर्देशन किया।