1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hera pheri 3 legal controversy south producer copyright claim
Last Modified: शनिवार, 7 फ़रवरी 2026 (13:14 IST)

फिर मुश्किल में फंसी 'हेरा फेरी 3', साउथ प्रोड्यूसर ने किया राइट्स का दावा, कोर्ट पहुंचा मामला

Hera Pheri 3 controversy
बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'हेरा फेरी' के तीसरे पार्ट का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन यह फिल्म किसी ना किसी कारण लंबे समय से अटक रही है। अब 'हेरा फेरी 3' एक बार फिर बड़े विवाद के भंवर में फंस गई है। इस बार विवाद किसी अभिनेता की फीस को लेकर नहीं, बल्कि फिल्म के ओरिजिनल राइट्स को लेकर है।
 
साउथ की मशहूर प्रोडक्शन कंपनी सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। प्रोडक्शन कंपनी का दावा है कि उनके पास 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी के विशेष अधिकार हैं। उन्होंने 'हेरा फेरी' के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के खिलाफ केस किया है। 
 
याचिका के अनुसार, फिरोज नाडियाडवाला को 1989 की मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' का केवल एक बार हिंदी रीमेक बनाने की अनुमति दी गई थी। उनका आरोप है कि नाडियाडवाला ने बिना अनुमति के 2006 में सीक्वल 'फिर हेरा फेरी' बनाया और अब तीसरे भाग के अधिकार भी अक्षय कुमार की कंपनी को बेच दिए, जो कॉपीराइट का उल्लंघन है। 
 
प्रोडक्शन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार ने हिंदुस्तान टाइम्स संग बात करते हुए कहा, मैंने 2022 में आदित्य फिल्म्स, जो रामजी राव स्पीकिंग के ओरिजिनल प्रोड्यूससो हैं, उनसे हेरा फेरी फ्रैंचाइजी के पूरे राइट्स खरीद लिए थे। उन्होंने मुझे बताया था कि फिरोज नाडियाडवाला को सिर्फ इस फिल्म का एक हिंदी वर्जन बनाने का अधिकार दिया गया था। लेकिन उन्होंने सीक्वल भी बना दिया। फिरोज नाडियाडवाला को सीक्वल या प्रीक्वल बनाने या किरदारों को इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है। 
 

पहले क्यों नहीं लिया एक्शन 

जब जीपी वियजकुमार से पूछा गया कि हेरा फेरी 2 के दौरान उन्होंने एक्शन क्यों नहीं लिया? इस पर उन्होंने कहा, पहली फिल्म प्रियदर्शन ने बनाई थी, जो हमारे बहुत करीबी हैं। दूसरी फिल्म नीरज वोहरा ने बनाई। उस समय कॉपीराइट वाले लोगों को पता नहीं चला कि क्या हो रहा है। ओरिजिनल प्रोड्यूसर और मुझे बहुत बाद में पता चला कि नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी की है और नियम तोड़े हैं। 
 
यह पहली बार नहीं है जब 'हेरा फेरी 3' विवादों में है। पिछले कुछ वर्षों में फिल्म को कई झटकों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले फिल्म में बाबू राव का आइकॉनिक किरदार निभाने वाले परेश रावल ने अचानक फिल्म छोड़ दी थी, जिसके बाद अक्षय कुमार ने उन पर 25 करोड़ का केस किया था। हालांकि, बाद में उनके बीच सुलह की खबरें आईं।
 
फिल्म के निर्देशन को लेकर भी लंबा गतिरोध रहा। कभी अनीस बज्मी तो कभी फरहाद सामजी का नाम सामने आया, और अंत में ओरिजिनल डायरेक्टर प्रियदर्शन की वापसी हुई। शुरुआती दौर में अक्षय कुमार ने भी स्क्रिप्ट से असंतुष्टि जताते हुए फिल्म से दूरी बना ली थी, लेकिन फैंस के भारी दबाव के बाद उन्होंने वापसी की।
ये भी पढ़ें
नेपाली सिनेमा के दिग्गज एक्टर सुनील थापा का निधन, बॉलीवुड में भी कमाया था नाम