1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. guru randhawa gym firing delhi west vihar bishnoi gang threat salman khan connection

पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सलमान खान से जोड़ा कनेक्शन!

Guru Randhawa gym firing
दिल्ली में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दिल्ली के पॉश इलाके पश्चिम विहार स्थित '24HS Fitness' जिम पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। यह जिम देश के मशहूर पंजाबी पॉप सिंगर गुरु रंधावा की फ्रेंचाइजी का हिस्सा है। 
 
इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना तड़के करीब 4:00 बजे की है। मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने जिम की इमारत को निशाना बनाया। हमलावारों ने अपने चेहरे को कपड़े से पूरी तरह ढक रखा था। 
हमलावरों ने '24HS Fitness' के शीशे वाले फ्रंट फैसाड पर एक के बाद एक कई राउंड फायर किए। राहत की बात यह रही कि हमला बेहद तड़के हुआ, जिसके कारण जिम के भीतर या आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। 
 
सुबह जब केयरटेकर और स्टाफ मौके पर पहुंचे, तो चारों तरफ टूटे हुए शीशे और गोलियों के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
 
इस गोलीबारी के कुछ ही घंटों के भीतर सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा, जिसने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अंकीय पंडित नाम के एक हैंडल से इस हमले की पूरी जिम्मेदारी ली गई।
 
सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, हमने दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम को निशाना बनाया है, क्योंकि वह सलमान खान के बहुत करीब जा रहे थे। उन्हें पहले भी चेतावनी दी गई थी कि वह हमारे दुश्मन से दूर रहें, लेकिन वह नहीं समझे। देश के खिलाफ साजिश रचने वाले और हमारे दुश्मनों को पनाह देने वाले चाहे दुनिया के किसी भी कोने में छिप जाएं, उनसे बहुत जल्द हिसाब चुकता किया जाएगा। थोड़ा इंतजार करो।
 
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और स्पेशल सेल इस सोशल मीडिया पोस्ट के डिजिटल फुटप्रिंट की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह पोस्ट वाकई बिश्नोई गैंग द्वारा किया गया है या किसी ने केवल दहशत फैलाने के लिए इस नाम का इस्तेमाल किया है।
 
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पश्चिम विहार वाले इस विशेष जिम को दिल्ली के ही स्थानीय निवासियों द्वारा फ्रेंचाइजी मॉडल के तहत चलाया जा रहा था। पुलिस ने जिम मालिकों को पूछताछ और बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है ताकि यह जाना जा सके कि क्या उन्हें पिछले कुछ दिनों में कोई रंगदारी या धमकी भरा फोन आया था।
 
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सलमान खान के प्रति आक्रोश कोई नया नहीं है। इस विवाद की जड़ें साल 1998 के 'काला हिरण शिकार मामले' से जुड़ी हैं। राजस्थान में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर दो काले हिरणों के शिकार का आरोप लगा था। बिश्नोई समुदाय प्रकृति और वन्यजीवों, विशेषकर काले हिरण को भगवान की तरह पूजता है और उन्हें पवित्र मानता है।
 
इस घटना से आहत होकर लॉरेंस बिश्नोई ने कोर्ट की कानूनी प्रक्रिया से अलग सलमान खान को सबक सिखाने की कसम खाई थी। तब से यह गैंग लगातार सलमान खान, उनके परिवार और उनके करीबियों को निशाना बनाता आ रहा है। 2018 में जोधपुर कोर्ट ने सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद वे जमानत पर बाहर आ गए। हालांकि, बिश्नोई गैंग का गुस्सा अब भी शांत नहीं हुआ है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
शादी के बाद पलटी अपारशक्ति खुराना की किस्मत, 3 साल पुराने मैसेजेस का अचानक आया जवाब!