गोविंदा-सुनीता ड्रामा फिर शुरू: पत्नी बोलीं- मराठी एक्ट्रेस का नाम सुना है… पर पकड़ लूंगी तो सच बताऊंगी
बॉलीवुड के सुपरस्टार गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा का रिश्ता एक बार फिर सुर्खियों में है। कभी मीडिया के सामने एक-दूसरे का हाथ थामकर “कोई हमें अलग नहीं कर सकता” कहने वाले इस कपल के बीच अब फिर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में सुनीता ने एक पॉडकास्ट में गोविंदा के अफेयर्स पर खुलकर बात की और कई चौंकाने वाले बयान दिए।
"सुनती हूं… पर जब तक पकड़ न लूं, विश्वास नहीं करूंगी"
पारस एस. छाबड़ा के पॉडकास्ट में सुनीता से जब गोविंदा के कथित अफेयर्स पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने भी ऐसी बातें सुनी हैं। सुनीता बोलीं, “मैंने भी सुना है, पर जब तक अपनी आंखों से न देख लूं या रेड-हैंडेड न पकड़ लूं, मैं किसी बात का ऐलान नहीं कर सकती। सुना है कि वो मराठी एक्ट्रेस है… लेकिन सच तभी मानूंगी जब देख लूं।”
उन्होंने आगे कहा कि गोविंदा अब उस उम्र में नहीं हैं कि ऐसी चीज़ों में समय बर्बाद करें। “उन्हें अपनी बेटी और बेटे यश के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए,” सुनीता ने कहा।
"औरत को खुद कमाना चाहिए, पति के पैसों पर मत निर्भर रहो"
पॉडकास्ट के दौरान सुनीता ने महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने का संदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि उनका खुद का यूट्यूब चैनल बहुत अच्छा चल रहा है और सिर्फ चार महीनों में उन्हें सिल्वर बटन मिल गया।
“अपने पैसे कमाने की अलग ही खुशी है। पति देगा, पर दस बार पूछने के बाद देगा। अपनी कमाई अपनी होती है,” उन्होंने कहा।
सुनीता ने बताया कि वे अपने बच्चों टीना और यश के साथ चार बेडरूम वाले घर में रहती हैं और गोविंदा उनसे अलग रहते हैं। मज़ाकिया अंदाज़ में उन्होंने गोविंदा को मैसेज भी दिया- “चीची, मेरे लिए बड़ा 5-BHK ले दो, नहीं तो देख लेना क्या होगा!”
शादी पर फिर सवाल, लेकिन सुनीता बोलीं- "कोई हमें अलग नहीं कर सकता"
फरवरी से ही दोनों की शादी टूटने की खबरें चर्चा में हैं। बताया गया कि सुनीता ने सेपरेशन नोटिस भेजा था, लेकिन आगे कोई कदम नहीं उठाया गया। फिर गणेश चतुर्थी पर दोनों साथ दिखे और सुनीता ने कैमरे के सामने कहा- “अगर कुछ होता तो हम इतने पास कैसे होते? हमें कोई अलग नहीं कर सकता, चाहे ऊपर से भगवान आ जाए या शैतान!”
गोविंदा और सुनीता ने 1987 में शादी की थी और उस वक्त इसे गुप्त रखा था। 1988 में बेटी टीना के जन्म के बाद शादी का खुलासा हुआ। 1997 में बेटे यशवर्धन का जन्म हुआ।

