'गॉडज़िला x कांग' स्टार केली हॉटल का सड़क हादसे में निधन, 18 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। सुपरहीरो और मॉन्स्टर ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'गॉडज़िला वर्सेस कांग' और 'गॉडज़िला x कांग: द न्यू एम्पायर' में 'जिया' का सशक्त किरदार निभाने वाली अभिनेत्री केली हॉटल का निधन हो गया है। वह महज 18 वर्ष की थीं।
केली का निधन मैरीलैंड के फ्रेडरिक में हुए एक भयानक सड़क हादसे में हुआ है। उनके आकस्मिक निधन से हॉलीवुड सिनेमा जगत और उनके लाखों फैंस स्तब्ध हैं। केली हॉटल के पिता, जोशुआ हॉटल ने अमेरिकन साइन लैंग्वेज (ASL) में फेसबुक लाइव स्ट्रीम के माध्यम से इस दुखद खबर को साझा किया। बाद में उन्होंने मीडिया संस्थान 'TMZ' से बातचीत के दौरान भी अपनी बेटी के निधन की पुष्टि की।
जोशुआ हॉटल ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन प्रतिक्रिया दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनके दिल की धड़कन रुक गई।
कैली हॉटल टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ में सीनियर सेकेंडरी की छात्रा थीं। स्कूल प्रशासन ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर अपनी होनहार छात्रा की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है।
स्कूल प्रशासन का आधिकारिक बयान में लिखा, हम अत्यंत दुख के साथ यह खबर साझा कर रहे हैं कि हमारे TSD परिवार की सीनियर छात्रा केली हॉटल का मैरीलैंड में एक सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया है। इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएं केली के परिवार, दोस्तों और सहपाठियों के साथ हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे इस दुखद समय में परिवार की निजता का सम्मान करें और दुर्घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।
पीढ़ियों से मूक-बधिर परिवार का हिस्सा थीं केली
केली हॉटल की सबसे खास बात यह थी कि वह एक बहु-पीढ़ीगत मूक-बधिर परिवार से ताल्लुक रखती थीं। उनके पिता और परिवार की पिछली कई पीढ़ियां जन्मजात मूक-बधिर रही हैं। उन्होंने अपनी दिव्यांगता को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया, बल्कि इसे हॉलीवुड में एक नई मिसाल के रूप में पेश किया।
'जिया' के किरदार से मिली थी पहचान
केली हॉटल ने वर्ष 2021 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गॉडज़िला वर्सेस कांग' से हॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में उन्होंने 'जिया' नाम की एक अनाथ मूक-बधिर बच्ची का किरदार निभाया था, जो विशालकाय 'कांग' से साइन लैंग्वेज के जरिए संवाद कर सकती थी और उसके बेहद करीब थी। रेबेका हॉल के साथ उनकी केमिस्ट्री और फिल्म में उनके इमोशनल सीन्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया था।

