क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' से प्रभावित हुईं सोनम वांगचुक की पत्नी सोनम, बॉलीवुड को दी बड़ी सीख
एक्टिविस्ट और इनोवेटर सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने हाल ही में हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' की जमकर सराहना की है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय सिनेमा की मौजूदा स्थिति और कहानी कहने के तरीके पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग और '3 इडियट्स' फिल्म को लेकर आमिर खान का बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। गीतांजलि आंग्मो ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में वर्ष 2024 में न्यूयोर्क के दौरान क्रिस्टोफर नोलन के साथ हुई अपनी मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने नोलन के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए 'द ओडिसी' को बड़े पर्दे पर देखने के अनुभव को अद्भुत बताया।
गीतांजलि के अनुसार, फिल्म की मूल विषयवस्तु भारतीय दर्शन और महागाथाओं के बेहद करीब है। इसमें दिखाया गया नायक का सफर, धर्म, नियति, वनवास, प्रलोभन, घर वापसी और इंसान के भीतर आने वाला बदलाव - ये सब भारतीय संस्कृति और सोच के मूल स्तंभ रहे हैं।
Watched Odyssey yesterday. Surreal to see on screen what was still a conversation when I accidentally met Christopher Nolan in New York in 2024.
— Gitanjali J Angmo (@GitanjaliAngmo) August 2, 2026
Its themes feel so familiar to the Indian imagination: the heros journey, dharma and destiny, exile, temptation, homecoming, the human… pic.twitter.com/Y7sWNXIz2v
बॉलीवुड को गीतांजलि की सलाह
भारत की पौराणिक और ऐतिहासिक कथाओं की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डालते हुए गीतांजलि ने हिंदी सिनेमा जगत को आत्ममंथन करने की सलाह दी। उन्होंने लिखा कि भारत के पास ऐसी महागाथाओं का अनमोल खजाना मौजूद है। यदि बॉलीवुड इन्हें केवल व्यावसायिक मनोरंजन के नजरिए से न देखकर संवेदनशीलता, बड़े कैनवास और बौद्धिक गहराई के साथ पर्दे पर उतारे, तो यह समाज को नई दिशा दे सकता है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सिनेमा केवल समय बिताने का साधन नहीं है, बल्कि यह जनमानस की सोच को आकार देता है। इसलिए बॉलीवुड को एक 'क्लासरूम' की तरह अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
सोनम वांगचुक का अनशन और '3 इडियट्स' को लेकर आमिर खान का बयान
गीतांजलि आंग्मो का यह विचारशील बयान ऐसे समय आया है, जब उनके पति और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर 26 दिनों की लंबी भूख हड़ताल समाप्त कर चुके हैं। वांगचुक NEET पेपर लीक मामले के बाद देश की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे थे।
इस आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर यह उम्मीद जताई जा रही थी कि बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान सार्वजनिक रूप से वांगचुक के समर्थन में आएंगे। दरअसल, वर्षों से यह व्यापक धारणा रही है कि आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' का मुख्य किरदार 'फुंसुक वांगडू' सोनम वांगचुक के जीवन से ही प्रेरित था। फिल्म में 'चतुर' की भूमिका निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने भी वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज उठाई थी।

